मुजफ्फरनगर। प्रदेश के मुख्यमंत्री योग द्वारा सोमवार को प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) 2.0 के अंतर्गत प्रदेश भर के लगभग 90 हजार लाभार्थियों को सिंगल क्लिक के माध्यम से प्रथम किस्त की धनराशि उनके बैंक खातों में अंतरित की गई। प्रत्येक लाभार्थी को आवास निर्माण के लिए पहली किस्त के रूप में एक-एक लाख रुपये की राशि दी गई। इसी क्रम में जनपद मुजफ्फरनगर के भी 105 लाभार्थियों के खातों में एक-एक लाख रुपये की धनराशि ट्रांसफर की गई, जिससे उन्हें अपने आवास निर्माण की शुरुआत करने में मदद मिलेगी।
इस अवसर पर नगर पालिका मुजफ्फरनगर के सभागार में कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जहां लखनऊ से आयोजित मुख्य कार्यक्रम का सजीव प्रसारण दिखाया गया। कार्यक्रम के दौरान जनपद के चयनित लाभार्थियों को स्वीकृति पत्र और प्रमाण पत्र भी वितरित किए गए। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जिला पंचायत अध्यक्ष डा० वीरपाल निर्वाल उपस्थित रहे, जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में नगर पालिका परिषद अध्यक्ष मीनाक्षी स्वरूप मौजूद रहीं। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिलाधिकारी उमेश मिश्रा ने की। यह कार्यक्रम अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) संजय कुमार सिंह और नगर मजिस्ट्रेट पंकज प्रकाश राठौर के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ।
कार्यक्रम में बताया गया कि प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) का शुभारंभ 17 जून 2015 को किया गया था। इस योजना के अंतर्गत पात्र लाभार्थियों को आवास निर्माण के लिए केंद्र सरकार की ओर से कुल 2.50 लाख रुपये की आर्थिक सहायता दी जाती है। इसमें पहली किस्त के रूप में एक लाख रुपये, दूसरी किस्त के रूप में एक लाख रुपये तथा तीसरी किस्त के रूप में 50 हजार रुपये प्रदान किए जाते हैं। इस योजना के तहत अब तक जनपद मुजफ्फरनगर में 21,107 आवासों का निर्माण पूर्ण कराया जा चुका है, जिससे हजारों परिवारों को अपना पक्का घर मिल सका है।
इसके साथ ही प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) 2.0 का शुभारंभ 1 सितंबर 2024 को किया गया। इस नई चरण की योजना के अंतर्गत जनपद मुजफ्फरनगर में अब तक 16,800 ऑनलाइन आवेदन प्राप्त हुए हैं। इनमें से 1,516 लाभार्थियों को पहले ही एक लाख रुपये की प्रथम किस्त जारी की जा चुकी है। सोमवार को जारी की गई धनराशि में मुजफ्फरनगर नगर क्षेत्र के 21, चरथावल के 66, खतौली के 15 और मीरापुर के 3 लाभार्थी शामिल रहे।
कार्यक्रम के दौरान जिलाधिकारी उमेश मिश्रा, जिला पंचायत अध्यक्ष डा० वीरपाल निर्वाल, नगर पालिका परिषद अध्यक्ष मीनाक्षी स्वरूप, अपर जिलाधिकारी संजय कुमार सिंह तथा नगर मजिस्ट्रेट पंकज प्रकाश राठौर ने लाभार्थियों को स्वीकृति पत्र और प्रमाण पत्र वितरित किए। इस अवसर पर अधिशासी अधिकारी खतौली/चरथावल राजीव कुमार, डूडा विभाग से आदित्य सिंह, अमित आत्रे सहित विभागीय स्टाफ और नगरपालिका के कर्मचारी भी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन डॉ. राजीव कुमार द्वारा किया गया।
























































