शाहपुर । क्षेत्र के गोयला गांव स्थित आर.पी.एस. मेमोरियल पब्लिक स्कूल में प्रतिवर्ष आयोजित होने वाले हर घर यज्ञ संदेश और वेद प्रचार अभियान का प्रथम दिन आज सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। इस कार्यक्रम का उद्देश्य प्रत्येक घर में यज्ञ की परंपरा को पुनर्जीवित करना और वैदिक ज्ञान का प्रसार करना है।
यज्ञ के पुरोहित मास्टर हरवीर सिंह आर्य रहे, जबकि श्रीमती डिम्पल पत्नी मास्टर अनुज कुमार यजमान के रूप में उपस्थित थे। यज्ञ में गांव के कई गणमान्य व्यक्तियों, महिलाओं, स्कूल के छात्र-छात्राओं और अध्यापकों ने बढ़-चढ़कर आहुति प्रदान की।
इस अवसर पर मुनि ऊषर बुद्ध ने अपने उद्बोधन में यज्ञ जैसे श्रेष्ठ कार्यों के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि ईश्वर ने हमें सब कुछ प्रदान किया है और उसकी रचनाएं अद्भुत हैं, इसलिए हमें निरंतर श्रेष्ठ कर्म करते रहना चाहिए। आर्य समाज के प्रधान राजसिंह आर्य ने सभी से इस पुनीत कार्य में सक्रिय रूप से भाग लेने और अपने घरों में भी यज्ञ करवाने की पहल करने का आग्रह किया।
राजेंद्र दरोगा ने भी इस कार्य में सभी के सहयोग की आवश्यकता पर जोर दिया। मास्टर धीर सिंह आर्य ने बताया कि यज्ञ हमारी सनातन संस्कृति का अभिन्न अंग है और श्रावण मास में ऋषि-मुनि परंपरा से ही आश्रमों से गृहस्थों के बीच आकर यज्ञ और वेद प्रचार का कार्य करते रहे हैं। यह अभियान इसी प्राचीन परंपरा को आगे बढ़ा रहा है।















