5 वर्षीय बालक की हत्या कर खंडहर हवेली में फेंका शव, गांव में फैला दहशत और आक्रोश

अलवर। जिले के मुंडावर थाना क्षेत्र के सराय कलां गांव में दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक पांच वर्षीय मासूम की निर्मम हत्या कर उसका शव गांव के पास स्थित एक खंडहर हवेली में डाल दिया गया। इस सनसनीखेज वारदात के बाद ग्रामीणों में भय और आक्रोश का माहौल है।

जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान लोकेश पुत्र बिंटू मिस्त्री के रूप में हुई है। परिजनों ने बताया कि लोकेश शनिवार की दोपहर से लापता था, जिसके बाद उसकी काफी तलाश की गई। ग्रामीणों की मदद से रातभर सर्च अभियान चलाया गया। आखिरकार देर रात लोकेश का शव गांव से कुछ दूरी पर स्थित एक सुनसान खंडहर हवेली में बरामद हुआ।

शव पर गंभीर चोटों के निशान पाए गए हैं, जिससे उसकी हत्या की पुष्टि होती है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है।

फिलहाल पुलिस इस जघन्य हत्याकांड की जांच में जुटी है और हत्या के कारणों के साथ-साथ आरोपियों की तलाश कर रही है। गांव में पुलिस की सतर्कता बढ़ा दी गई है और लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की गई है।

यह वारदात न सिर्फ गांव को दहला गई है, बल्कि एक बार फिर बच्चों की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े कर रही है।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts