मुजफ्फरनगर में राष्ट्रीय सामाजिक संस्था के अध्यक्ष व प्रमुख समाजसेवी मनीष चौधरी को धमकी देने वाले युवक की पहचान हो गई है। मनीष चौधरी को 16 मई 2025 को एक फोन कॉल के माध्यम से मुस्लिम परिवार की मदद करने पर अंजाम भुगतने की धमकी दी गई थी। यह कॉल समीर नामक युवक की मदद करने के बाद आई, जो शिव चौक पर साइकिल से फूल माला बेचता है और जिसे कुछ लोग वहां से हटाने की धमकी दे रहे थे। मनीष चौधरी ने समीर की शिकायत पर पुलिस और सीएम पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई थी। पुलिस जांच में पता चला कि आरोपी युवक कशिश पुत्र चमनलाल निवासी गांधी कॉलोनी है। जब आरोपी थाने बुलाया गया तो वह 15-20 लोगों के साथ पहुंचा। पुलिस ने दोनों पक्षों के बीच समझौता कराने की कोशिश की, लेकिन मनीष चौधरी ने साफ कहा कि यदि गलती मानी जाए तो आरोपी सार्वजनिक रूप से शिव चौक पर माफी मांगे, अन्यथा उस पर कानूनी कार्रवाई हो। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि पुलिस निष्पक्ष कार्रवाई नहीं करती है, तो संगठन को धरना देना पड़ेगा। चौधरी ने कहा कि वह धमकियों से नहीं डरेंगे और हर पीड़ित की आवाज बनकर खड़े रहेंगे।















