मुजफ्फरनगर के भिक्की गांव में तनाव, धोबी समाज के परिवारों ने गांव छोड़ने की दी चेतावनी

मुजफ्फरनगर के सिखेड़ा थाना क्षेत्र के गांव भिक्की में उस समय तनाव का माहौल बन गया, जब धोबी समाज से जुड़े एक दर्जन से अधिक परिवारों ने अपने घरों की दीवारों पर “पलायन” लिखकर गांव छोड़ने की चेतावनी दे दी। पीड़ित परिवारों का आरोप है कि गांव के एक कथित भाजपा नेता और उसके परिजनों द्वारा लगातार उत्पीड़न किया जा रहा है, जिससे उनका गांव में रहना मुश्किल हो गया है। परिवारों ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से निष्पक्ष जांच और सुरक्षा की मांग की है।

पीड़ितों का कहना है कि इस बार उनके घरों में ईद की खुशियां नहीं, बल्कि भय और मातम का माहौल है। कई युवक गांव छोड़कर चले गए हैं, जबकि परिवार के कुछ सदस्य जेल भी जा चुके हैं। महिलाओं ने आरोप लगाया कि पुलिस लगातार घरों पर दबिश दे रही है, जिससे बच्चे और बुजुर्ग भी दहशत में हैं। गांव निवासी फैज़ान के अनुसार बच्चों के बीच हुए मामूली विवाद ने बड़ा रूप ले लिया। आरोप है कि इसके बाद कथित भाजपा नेता अमीर अब्बास और उसके परिवार के लोगों ने उनके साथ मारपीट की। इसके बाद पुलिस ने निष्पक्ष कार्रवाई के बजाय उनके परिवार के 18 लोगों के खिलाफ हत्या के प्रयास जैसी गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया। इनमें से छह लोग जेल भी गए, जो फिलहाल जमानत पर बाहर हैं।

पीड़ित महिलाओं ने भी गंभीर आरोप लगाए हैं। विधवा महिला नफीसा ने कहा कि मजदूरी कर किसी तरह परिवार चला रही थीं, लेकिन उनके बेटों को जेल भेज दिया गया। वहीं रुकसाना ने बताया कि गांव में डर का माहौल इतना बढ़ चुका है कि महिलाएं खेतों तक जाने से घबरा रही हैं। एक अन्य महिला ने आरोप लगाया कि कुछ लोग उनके घर में घुस आए और शिकायत करने पर गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी।

उधर, मामले में सीओ मंडी राजू कुमार साव का कहना है कि पलायन की सूचना के बाद दोनों पक्षों को बुलाकर काउंसलिंग कराई जा रही है। उन्होंने बताया कि जिन लोगों ने पलायन के पोस्टर लगाए हैं, उनके खिलाफ पहले से गंभीर धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और गांव में निगरानी बढ़ा दी गई है। फिलहाल गांव भिक्की में तनावपूर्ण स्थिति बनी हुई है और प्रशासन की कार्रवाई पर सभी की नजरें टिकी हैं।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts