पुरानी पेंशन योजना को लेकर शिक्षकों ने मंत्रियों से की मुलाकात, सकारात्मक आश्वासन मिला

मुजफ्फरनगर के विशिष्ट बीटीसी 2004 बैच के शिक्षकों ने पुरानी पेंशन योजना में शामिल किए जाने की मांग को लेकर कैबिनेट मंत्री अनिल कुमार और राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) कपिल देव से मुलाकात की। शिक्षकों ने बताया कि शासन द्वारा जारी मेमोरेंडम के बावजूद, बेसिक शिक्षा विभाग के अधिकारी तथ्यों को गलत तरीके से प्रस्तुत कर शिक्षकों को पुरानी पेंशन से वंचित करने का प्रयास कर रहे हैं। इससे प्रदेशभर में 40,000 से अधिक शिक्षक प्रभावित हो रहे हैं।

शिक्षकों के प्रतिनिधिमंडल ने सबसे पहले कौशल विकास राज्यमंत्री कपिल देव अग्रवाल से मुलाकात कर उन्हें ज्ञापन सौंपा। उन्होंने आश्वासन दिया कि मुख्यमंत्री, बेसिक शिक्षा मंत्री और उच्च अधिकारियों से चर्चा कर शिक्षकों को पुरानी पेंशन योजना का लाभ दिलाने का पूरा प्रयास किया जाएगा।

इसके बाद शिक्षक कैबिनेट मंत्री अनिल कुमार के आवास पहुंचे और उन्हें भी ज्ञापन सौंपा। उन्होंने कहा कि विशिष्ट बीटीसी 2004 बैच का मामला सरकार के संज्ञान में है और वे स्वयं मुख्यमंत्री से वार्ता कर शिक्षकों के हित में फैसला लेने का प्रयास करेंगे।

प्रतिनिधिमंडल के सदस्यों अजय गुप्ता, राहुल गोस्वामी, डॉ. संजीव वर्मा ने बताया कि 22 जनवरी 2004 को प्रकाशित विज्ञापन ही उनका प्रशिक्षण एवं नियुक्ति विज्ञापन था, लेकिन अधिकारियों द्वारा इसे गलत तरीके से व्याख्यायित किया जा रहा है। इस संबंध में आरटीआई से प्राप्त जानकारी और अन्य दस्तावेज भी मंत्रियों को सौंपे गए।

इस दौरान बड़ी संख्या में शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित रहे, जिन्होंने सरकार से जल्द सकारात्मक निर्णय लेने की मांग की।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts