शामली के थानाभवन क्षेत्र के गांव खेड़ागदाई में जल शक्ति कैबिनेट मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कुशल नेतृत्व में देश सोने की चिड़िया बनने की ओर अग्रसर हो गया है और राम राज्य का सपना साकार हो रहा है। वह भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष और विधान परिषद सदस्य मोहित बनीवाल के आवास ग्राम खेड़ागदाई में उनके स्वर्गीय पिता को श्रद्धांजलि देने पहुंचे थे।

स्वतंत्र देव सिंह ने कहा कि देश और प्रदेश में गुलामी के प्रतीक चिह्नों और नामों को धीरे-धीरे हटाया जा रहा है। देश में बड़े बदलाव देखने को मिल रहे हैं। अब कहीं भी बम विस्फोट की घटनाएं नहीं होतीं और न ही आतंकवादी घटनाएं सुनने को मिलती हैं। भारत की पहचान वैश्विक स्तर पर बनी है। भारत माता की जय और वंदे मातरम का जयघोष श्रीनगर के लाल चौक से लेकर कन्याकुमारी तक सुनाई देगा।
उन्होंने कहा कि दुबई में श्रीराम मंदिर और अयोध्या में श्रीराम मंदिर की गूंज पूरे विश्व में गुंजायमान हो रही है। यह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के परिश्रम का परिणाम है। प्रयागराज कुंभ में 66 करोड़ लोगों ने बिना जाति-पंथ और ऊंच-नीच के भेदभाव के स्नान किया। संतों का आशीर्वाद मिला और कुंभ स्नान बिना किसी दुर्घटना के संपन्न हुआ। यह दर्शाता है कि देश पुनः सोने की चिड़िया बनने की दिशा में आगे बढ़ रहा है।
इससे पूर्व स्वतंत्र देव सिंह ने मोहित बनीवाल के स्वर्गीय पिता के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। इस अवसर पर एमएलसी चौधरी वीरेंद्र सिंह, विधायक प्रसन्न चौधरी, मेरठ जिला पंचायत अध्यक्ष मोगराम, भाजपा जिलाध्यक्ष तेजेंद्र निर्वाल, विनोद मलिक, प्रमुख सतेंद्र तोमर, पूर्व चेयरमैन संजय कुमार शर्मा सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और समाजसेवी उपस्थित रहे।















