मुजफ्फरनगर। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा ने पुलिस अधीक्षक अपराध कार्यालय का औचक निरीक्षण कर विभिन्न शाखाओं की कार्यप्रणाली का गहन जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने डीसीआरबी, अंगुल छाप शाखा, एएचटीयू थाना, मॉनिटरिंग सेल, क्राइम ब्रांच और साइबर क्राइम थाना का क्रमवार निरीक्षण किया। इस दौरान एसएसपी ने अभिलेखों के रख-रखाव, लंबित मामलों की स्थिति, तकनीकी व्यवस्थाओं और कार्यालयी कार्यप्रणाली की विस्तार से समीक्षा की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी अभिलेख सुव्यवस्थित ढंग से रखे जाएं और अपराध संबंधी सूचनाओं का समयबद्ध संकलन किया जाए, ताकि किसी भी मामले में कार्रवाई में देरी न हो।
निरीक्षण के दौरान एसएसपी ने लंबित विवेचनाओं के शीघ्र निस्तारण पर विशेष जोर देते हुए कहा कि अपराध नियंत्रण के लिए आधुनिक तकनीक का अधिकतम उपयोग किया जाना चाहिए। उन्होंने साइबर अपराधों की लगातार बढ़ती घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों को सतर्क रहने और प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही आमजन को साइबर ठगी और ऑनलाइन अपराधों से बचाव के प्रति जागरूक करने पर भी बल दिया।
इसके अतिरिक्त एएचटीयू शाखा को मानव तस्करी से जुड़े मामलों में संवेदनशीलता और गंभीरता के साथ कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। डीसीआरबी शाखा को अपराध संबंधी आंकड़ों को नियमित रूप से अद्यतन रखने तथा मॉनिटरिंग सेल को विभिन्न प्रकरणों की सतत निगरानी बनाए रखने के लिए कहा गया। एसएसपी ने सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को निष्ठा, पारदर्शिता और समयबद्धता के साथ कार्य करने की हिदायत दी तथा आपसी समन्वय बनाकर कानून-व्यवस्था को और अधिक मजबूत करने पर जोर दिया।इस दौरान पुलिस अधीक्षक अपराध इन्दु सिद्धार्थ सहित अन्य संबंधित अधिकारी भी मौजूद रहे। निरीक्षण के दौरान शाखाओं की व्यवस्थाओं को और बेहतर बनाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए गए।
















