मोरना-भोपा स्वास्थ्य केंद्रों का सीएमओ ने किया औचक निरीक्षण,

मुजफ्फरनगर: में स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता को परखने के लिए मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुनील तेवतिया ने मोरना और भोपा स्थित स्वास्थ्य केंद्रों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने ओपीडी व्यवस्था, मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही दवाओं की स्थिति, प्रसूति सेवाओं की गुणवत्ता, साफ-सफाई, लैब सुविधाओं तथा अभिलेखों के संधारण की विस्तार से समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने अस्पताल में मौजूद स्वास्थ्य कर्मियों से भी जानकारी ली और व्यवस्थाओं को बेहतर बनाए रखने के निर्देश दिए। निरीक्षण के समय प्रभारी चिकित्सा अधीक्षक डॉ. अजय कुमार को निर्देशित किया गया कि स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक प्रभावी, व्यवस्थित और पारदर्शी बनाया जाए, ताकि मरीजों को समय पर बेहतर उपचार मिल सके।

इसके बाद सीएमओ ने मोरना ब्लॉक के ग्राम सिकंदरपुर में संचारी रोग नियंत्रण अभियान का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने गांव में घर-घर चल रहे सर्वे की प्रगति की जानकारी ली और टीमों से कार्यप्रणाली के बारे में पूछा। इस दौरान ग्रामीणों को डेंगू, मलेरिया और चिकनगुनिया जैसे संचारी रोगों से बचाव के प्रति जागरूक किया गया। उन्होंने ग्रामीणों से घर और आसपास साफ-सफाई बनाए रखने, पानी का जमाव न होने देने तथा मच्छरों के प्रजनन स्थलों को नष्ट करने के लिए सहयोग करने की अपील की।

तत्पश्चात ग्राम कमहेड़ा स्थित आयुष्मान आरोग्य मंदिर का भी निरीक्षण किया गया, जहां नेशनल क्वालिटी एश्योरेंस स्टैंडर्ड (NQAS) के तहत व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया। निरीक्षण के दौरान दवाओं की उपलब्धता, चिकित्सा उपकरणों की कार्यशीलता, संक्रमण नियंत्रण उपायों और साफ-सफाई व्यवस्था को मानकों के अनुरूप बनाए रखने के निर्देश दिए गए। सीएमओ ने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देशित किया कि संचारी रोग नियंत्रण अभियान को गंभीरता से संचालित किया जाए और आमजन को बेहतर एवं गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने में कोई कमी न रहने दी जाए।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts