बच्चों के मन की बात कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने खुलकर साझा किए अपने विचार.

मुजफ्फरनगर के होली चाइल्ड पब्लिक इंटर कॉलेज में विद्यार्थियों के मानसिक, भावनात्मक और सामाजिक विकास को ध्यान में रखते हुए “बच्चों के मन की बात” कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ पैरेंटिंग कोच डॉ. अनिल योगी, रितु कश्यप, श्रीपाल तोमर, राजकुमार, विद्यार्थियों और प्रधानाचार्य प्रवेन्द्र दहिया द्वारा दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। कार्यक्रम विशेष रूप से कक्षा 9वीं से 12वीं तक के विद्यार्थियों के लिए आयोजित किया गया, जिसमें बच्चों को अपने विचार, भावनाएं और मन में चल रहे सवाल खुलकर साझा करने का अवसर मिला।प्रधानाचार्य प्रवेन्द्र दहिया ने कहा कि वर्तमान समय में विद्यार्थियों के सामने करियर को लेकर असमंजस, मानसिक दबाव, भावनात्मक तनाव, संवादहीनता और मोबाइल की लत जैसी अनेक समस्याएं तेजी से बढ़ रही हैं। ऐसे माहौल में बच्चों को सही दिशा और मानसिक सहयोग देना बेहद जरूरी हो गया है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रम विद्यार्थियों को अपनी भावनाओं को समझने और आत्मविश्वास बढ़ाने में मदद करते हैं।

कार्यक्रम में “परवरिश की पाठशाला” से पहुंचे विशेषज्ञ डॉ. अनिल योगी और रितु कश्यप ने विद्यार्थियों के साथ खुला संवाद स्थापित किया। उन्होंने बच्चों के मन में उठने वाले सवालों के वैज्ञानिक, सहज और भावनात्मक तरीके से उत्तर दिए। इस दौरान विद्यार्थियों ने तनाव, गुस्सा, आत्मविश्वास की कमी, मित्रता, मोबाइल के कारण पढ़ाई से ध्यान भटकना, करियर का दबाव और अभिभावकों के साथ संवाद की कमी जैसे विषयों पर खुलकर चर्चा की। विशेषज्ञों ने बच्चों को बताया कि अपनी भावनाओं को दबाने के बजाय उन्हें सही तरीके से व्यक्त करना मानसिक स्वास्थ्य के लिए बेहद जरूरी है।उन्होंने विद्यार्थियों को आत्मजागरूकता, भावनात्मक संतुलन और सकारात्मक सोच बनाए रखने के व्यावहारिक सुझाव भी दिए। कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और इसे बेहद प्रेरणादायक व उपयोगी बताया। कई छात्रों ने कहा कि पहली बार उन्हें ऐसा मंच मिला, जहां वे बिना डर और झिझक के अपनी बात रख सके। अंत में विद्यालय परिवार ने “परवरिश की पाठशाला” टीम का आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में भी ऐसे जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने की इच्छा जताई।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts