मुजफ्फरनगर में साइबर अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत साइबर क्राइम थाना पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। व्यापारी की दुकान से मोबाइल फोन चोरी कर उसके बैंक खाते से 60 हजार रुपये की ऑनलाइन ठगी करने वाले एक शातिर अभियुक्त को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के कब्जे से चोरी किया गया मोबाइल फोन तथा 5150 रुपये नकद बरामद किए गए हैं। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।
उत्तर प्रदेश शासन द्वारा साइबर अपराधियों की गिरफ्तारी और साइबर ठगी की घटनाओं पर रोक लगाने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में मेरठ जोन और सहारनपुर परिक्षेत्र के अधिकारियों के निर्देशन तथा वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा के पर्यवेक्षण में साइबर क्राइम थाना पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। पुलिस अधीक्षक अपराध इन्दु सिद्धार्थ, क्षेत्राधिकारी अपराध रविन्द्र प्रताप सिंह और साइबर थाना प्रभारी कर्मवीर सिंह के नेतृत्व में गठित टीम ने इस मामले का खुलासा किया।
पुलिस के अनुसार पीड़ित व्यापारी की दुकान से अज्ञात व्यक्ति द्वारा उसका मोबाइल फोन चोरी कर लिया गया था। आरोपी ने मोबाइल में मौजूद नंबर और बैंकिंग सुविधाओं का दुरुपयोग करते हुए UPI PIN बदल दिया और उसके बैंक खाते से 60 हजार रुपये निकाल लिए। घटना की जानकारी मिलने पर पीड़ित ने साइबर थाना पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। जांच के दौरान पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और मोबाइल लोकेशन के आधार पर आरोपी की पहचान कर उसे गिरफ्तार कर लिया।
इस मामले में साइबर क्राइम थाना मुजफ्फरनगर पर मुकदमा अपराध संख्या 21/2026 धारा 318(4), 305 बीएनएस तथा 66सी और 66डी आईटी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि साइबर अपराधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और आमजन को भी अपने मोबाइल, बैंकिंग जानकारी तथा UPI PIN को सुरक्षित रखने के लिए सतर्क रहने की आवश्यकता है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी प्रकार की साइबर ठगी या मोबाइल चोरी की घटना होने पर तुरंत साइबर हेल्पलाइन और नजदीकी पुलिस स्टेशन पर शिकायत दर्ज कराएं।















