मुजफ्फरनगर जनपद स्तरीय संस्कृत प्रतिभा खोज प्रतियोगिता 2025 का आयोजन जवाहरलाल नेहरू स्मृति इंटर कॉलेज, रवापुरी सठहेड़ी में किया गया। इस विशेष अवसर पर जिले के विभिन्न विद्यालयों से कक्षा 6 से 12 तक के छात्र-छात्राओं ने संस्कृत गीत और प्रश्नोत्तर प्रतियोगिता में भाग लिया। प्रतियोगिता का उद्देश्य विद्यार्थियों में संस्कृत भाषा के प्रति रुचि जगाना और उनकी प्रतिभा को मंच देना था।
शारदेन स्कूल, मुजफ्फरनगर की छात्राएं मान्या वर्मा और आयति जैन इस प्रतियोगिता में स्कूल का प्रतिनिधित्व करते हुए सम्मिलित हुईं। दोनों छात्राओं ने प्रतियोगिता में अपनी प्रतिभा और आत्मविश्वास का प्रभावशाली प्रदर्शन किया। परिणाम स्वरूप मान्या वर्मा ने संस्कृत गीत विधा में प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि आयति जैन ने प्रश्नोत्तर प्रतियोगिता में तीसरा स्थान अर्जित किया। उनकी इस उपलब्धि पर आयोजन समिति एवं उपस्थित गणमान्य अतिथियों द्वारा उनका उत्साहवर्धन किया गया और भविष्य में इस प्रकार की प्रतियोगिताओं में निरंतर भाग लेने के लिए प्रेरित किया गया।
विद्यालय की ओर से दोनों छात्राओं की इस उपलब्धि पर हार्दिक बधाई दी गई। डायरेक्टर और प्रधानाचार्य ने दोनों को आशीर्वाद देते हुए कहा कि ऐसे आयोजन विद्यार्थियों में आत्मविश्वास और भाषा के प्रति प्रेम को विकसित करते हैं। उन्होंने यह भी समझाया कि प्रतियोगिता में जीत और हार दोनों ही जीवन का हिस्सा हैं, इसलिए कभी निराश नहीं होना चाहिए। निरंतर अभ्यास और लगन से ही जीवन में सफलता प्राप्त की जा सकती है।
छात्राओं को यह संदेश भी दिया गया कि वे अपनी शिक्षा के साथ-साथ सांस्कृतिक और भाषाई गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी बनाए रखें, जिससे उनका सर्वांगीण विकास हो सके। इस आयोजन ने न केवल छात्रों को एक मंच दिया, बल्कि संस्कृत भाषा के संरक्षण और प्रचार में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।















