मुजफ्फरनगर में औद्योगिक इकाइयों पर प्रदूषण नियंत्रण की सख्ती,

मुजफ्फरनगर। जनपद में बढ़ते प्रदूषण पर प्रभावी नियंत्रण सुनिश्चित करने के उद्देश्य से केन्द्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी), जिला प्रशासन और पुलिस विभाग की संयुक्त टीमों ने विभिन्न औद्योगिक इकाइयों पर व्यापक अभियान चलाया। इस दौरान कुल पांच संयुक्त टीमों का गठन किया गया, जिनके द्वारा जिले की विभिन्न औद्योगिक इकाइयों का औचक निरीक्षण किया गया। प्रत्येक टीम में एक मजिस्ट्रेट, सीपीसीबी के वैज्ञानिक तथा पर्याप्त पुलिस बल को शामिल किया गया था, ताकि निरीक्षण निष्पक्ष, प्रभावी और पारदर्शी तरीके से संपन्न कराया जा सके।

अभियान के तहत रोलिंग मिल, स्टील एवं मेटल उद्योग तथा पेपर उद्योग से संबंधित कुल 10 औद्योगिक इकाइयों का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण का मुख्य उद्देश्य यह सुनिश्चित करना था कि औद्योगिक इकाइयां निर्धारित पर्यावरणीय मानकों का पालन कर रही हैं या नहीं तथा कहीं अनाधिकृत ईंधन का उपयोग तो नहीं किया जा रहा है। संयुक्त टीमों ने विशेष रूप से उन इकाइयों पर ध्यान केंद्रित किया जहां प्रदूषण फैलाने की आशंका अधिक थी।निरीक्षण के दौरान कई औद्योगिक इकाइयों में गंभीर कमियां पाई गईं। अधिकांश इकाइयों में एयर पॉल्यूशन कंट्रोल डिवाइस (एपीसीडी) सुचारू रूप से कार्य करते नहीं मिले। इसके अलावा कुछ इकाइयों में स्टैक मॉनिटरिंग सुविधा में भी तकनीकी खामियां और आवश्यक मानकों की कमी पाई गई। अधिकारियों ने इन कमियों को पर्यावरण संरक्षण के लिए गंभीर माना है और संबंधित इकाइयों को तत्काल सुधारात्मक कदम उठाने के निर्देश दिए हैं।

जिला प्रशासन और प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की ओर से सभी संबंधित औद्योगिक इकाइयों को पांच दिन का नोटिस जारी किया गया है। नोटिस में स्पष्ट किया गया है कि निर्धारित समयावधि के भीतर कमियों को दूर कर उसका अनुपालन सुनिश्चित किया जाए। यदि निर्धारित अवधि में सुधारात्मक कार्रवाई नहीं की जाती है तो संबंधित इकाइयों के विरुद्ध कानूनी प्रावधानों के तहत कठोर कार्रवाई की जाएगी। इसमें उद्योगों को बंद करने जैसी सख्त कार्यवाही भी शामिल हो सकती है।अधिकारियों का कहना है कि औद्योगिक प्रदूषण पर नियंत्रण और पर्यावरणीय मानकों का पालन सुनिश्चित करना प्रशासन की प्राथमिकता है। भविष्य में भी इस प्रकार के औचक निरीक्षण जारी रहेंगे और नियमों का उल्लंघन करने वाली इकाइयों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। निरीक्षण अभियान में सिटी मजिस्ट्रेट पंकज प्रकाश राठौर, उप जिलाधिकारी राजकुमार, नायब तहसीलदार हरेन्द्रपाल, सुनील और अमित ने मजिस्ट्रेट के रूप में जिम्मेदारी निभाई। वहीं सीपीसीबी के वैज्ञानिक रिषभ श्रीवास्तव, बिलाल, अक्षय, सुन्दरम तथा अभिषेक मौर्य ने तकनीकी निरीक्षण कर आवश्यक रिपोर्ट तैयार की। प्रशासन की इस कार्रवाई से औद्योगिक इकाइयों में हड़कंप की स्थिति देखी गई और प्रदूषण नियंत्रण नियमों के पालन को लेकर सतर्कता बढ़ी है।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts