अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर 250 लोगों ने लिया योग-ध्यान का संकल्प.

मुजफ्फरनगर। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय के सेवाकेंद्र द्वारा “स्वस्थ वृद्धावस्था के लिए सहज राजयोग” विषय पर एक भव्य एवं आध्यात्मिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में लगभग 250 भाई-बहनों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर योग, ध्यान और आध्यात्मिक जीवनशैली के महत्व को समझा तथा स्वस्थ एवं संतुलित जीवन जीने का संकल्प लिया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश सरकार के राज्यमंत्री कपिल देव अग्रवाल रहे। विशिष्ट अतिथियों में नगर पालिका परिषद अध्यक्ष मीनाक्षी स्वरूप, समाजसेवी सत्य प्रकाश रेशु, सभासद नवनीत गुप्ता, राष्ट्रीय हिन्दू शक्ति संगठन से सरिता शर्मा अरोरा तथा आयुष मंत्रालय से डॉ. रिम्पल चौधरी सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ, जिससे पूरे वातावरण में आध्यात्मिकता, सकारात्मकता और शांति का संदेश प्रसारित हुआ। इसके पश्चात सभी अतिथियों का पुष्पगुच्छ, बैज और पटका पहनाकर स्वागत किया गया।सेवाकेंद्र संचालिका ब्रह्माकुमारी बबिता दीदी ने अपने प्रेरणादायक उद्बोधन में कहा कि योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि आत्मा और परमात्मा के मिलन का माध्यम है। उन्होंने बताया कि सहज राजयोग के नियमित अभ्यास से व्यक्ति मानसिक तनाव से मुक्त होकर आंतरिक शांति, सकारात्मक सोच और आध्यात्मिक शक्ति प्राप्त कर सकता है। उन्होंने कहा कि स्वस्थ और सुखमय वृद्धावस्था के लिए शारीरिक स्वास्थ्य के साथ मानसिक और आध्यात्मिक स्वास्थ्य भी उतना ही आवश्यक है।

आयुष मंत्रालय से आए योगाचार्यों ने उपस्थित लोगों को विभिन्न योगासन, प्राणायाम और स्वास्थ्यवर्धक अभ्यास कराए तथा योग के नियमित अभ्यास से होने वाले लाभों की जानकारी दी। इस दौरान डॉ. रिम्पल चौधरी, विजय कुमार और पूनम वर्मा ने भी योगाभ्यास का प्रभावी संचालन करते हुए लोगों को स्वास्थ्य और योग के प्रति जागरूक किया।मुख्य अतिथि कपिल देव अग्रवाल ने अपने संबोधन में कहा कि योग भारत की प्राचीन और अमूल्य धरोहर है, जिसे आज पूरा विश्व अपना रहा है। उन्होंने कहा कि योग न केवल शरीर को स्वस्थ रखता है बल्कि मन को भी संतुलित करता है। उन्होंने ब्रह्माकुमारी संस्थान द्वारा समाज में आध्यात्मिक जागरूकता, नैतिक मूल्यों और स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देने के लिए किए जा रहे प्रयासों की सराहना की।

नगर पालिका परिषद अध्यक्ष मीनाक्षी स्वरूप ने कहा कि योग भारतीय संस्कृति की ऐसी अमूल्य विरासत है, जो व्यक्ति को शारीरिक, मानसिक और आध्यात्मिक रूप से सशक्त बनाती है। उन्होंने कहा कि आधुनिक जीवनशैली में बढ़ते तनाव और स्वास्थ्य समस्याओं से बचाव के लिए योग और ध्यान अत्यंत आवश्यक हैं। उन्होंने सभी नागरिकों से प्रतिदिन योग और ध्यान को अपने जीवन का हिस्सा बनाने का आह्वान किया।कार्यक्रम के दौरान सभी वक्ताओं ने योग और राजयोग को जीवन में अपनाने का संदेश दिया। पूरे आयोजन में आध्यात्मिक ऊर्जा, उत्साह और सकारात्मकता का विशेष वातावरण बना रहा। समापन अवसर पर अतिथियों एवं पत्रकारों का सम्मान किया गया तथा उन्हें ईश्वरीय सौगात भेंट की गई। प्रसाद वितरण के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ। उपस्थित सभी लोगों ने नियमित योग और राजयोग ध्यान को जीवन का अभिन्न अंग बनाकर स्वस्थ, सुखी और श्रेष्ठ समाज के निर्माण में योगदान देने का संकल्प लिया।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts