मुजफ्फरनगर में भारतीय जनता पार्टी के मंडल अध्यक्ष से रिश्वत में एयर कंडीशनर (AC) की मांग करने वाले आबकारी चौकी प्रभारी राजकुमार शर्मा पर आखिरकार कार्रवाई हो गई है। मामला बीते सप्ताह सामने आया था जब हनुमत मंडल के भाजपा मंडल अध्यक्ष दीपक मित्तल ने आरोप लगाया था कि वे किसी मामले के निस्तारण के लिए आबकारी चौकी गए थे, लेकिन चौकी प्रभारी ने घंटों टरकाने के बाद उनसे अपने कमरे में एसी लगवाने की मांग की थी। इस घटना के सामने आने के बाद जिले की राजनीति गरमा गई थी।दीपक मित्तल ने इस मामले की शिकायत प्रदेश सरकार के राज्य मंत्री कपिल देव अग्रवाल और भाजपा के जिलाध्यक्ष सुधीर सैनी से की थी। दोनों नेताओं ने मामले को गंभीरता से लेते हुए इसे जिले की पुलिस व्यवस्था की साख से जोड़कर देखा और तत्काल वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा से दरोगा के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की मांग की। मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने तो दावा तक कर दिया था कि आरोपी दरोगा को जल्द ही जिले से बाहर कर दिया जाएगा।कार्रवाई के तहत एसएसपी संजय कुमार वर्मा ने चौकी प्रभारी राजकुमार शर्मा को उनके पद से हटा दिया है और उन्हें थाना पुरकाजी की धमात चौकी में स्थानांतरित किया गया है। फिलहाल उन्हें मेरठ में चल रहे मेला नौचंदी की ड्यूटी पर भेजा गया है, जबकि उनकी जगह ईदगाह चौकी के प्रभारी विनीत मलिक को आबकारी चौकी का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है। यह कार्रवाई भाजपा संगठन और प्रशासनिक स्तर पर हुई सख्ती का नतीजा मानी जा रही है। मामला अब पूरे जिले में चर्चा का विषय बना हुआ है और पुलिस की कार्यशैली पर सवाल खड़े कर रहा है।















