औरैया में समाजवादी पार्टी के ककोर स्थित कार्यालय पर प्रदेश अध्यक्ष श्यामलाल पाल पहुंचे, जहां पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने उनका जोरदार स्वागत किया। इस दौरान उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं से संवाद करते हुए आगामी प्रधानी, जिला पंचायत और विधानसभा चुनावों की तैयारियों में जुटने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि पार्टी हित में काम करने वालों पर नजर रखी जा रही है और जो बेहतर कार्य करेगा, उसे संगठन में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी दी जाएगी।
प्रदेश अध्यक्ष ने कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे क्षेत्र में जाकर जनता को पार्टी की नीतियों और रीतियों से अवगत कराएं। पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने आरोप लगाया कि पीडीए का शोषण हो रहा है और उन्हीं के खिलाफ हत्याएं व बलात्कार जैसी घटनाएं हो रही हैं। उन्होंने कहा कि अन्य लोगों के साथ ऐसा क्यों नहीं हो रहा, इसी कारण राष्ट्रीय अध्यक्ष ने पीडीए का गठन किया है।
एक सवाल के जवाब में उन्होंने मुख्यमंत्री की भाषा शैली पर आपत्ति जताते हुए कहा कि उनके अभिभाषणों में इस्तेमाल किए गए शब्द संविधान के अनुरूप नहीं हैं और उन्हें अपनी भाषा पर सुधार लाना चाहिए। इस अवसर पर जिलाध्यक्ष सर्वेश बाबू गौतम, ओमप्रकाश ओझा, अनिल पाल, नरेन्द्र पाल, पूर्व जिला पंचायत सदस्य, विधायक प्रदीप यादव, बाबा रामरेश, पूर्व विधायक मदन गौतम, अशोक गुप्ता, योगेश पाल एडवोकेट, बीपी सिंह पाल, राजू यादव, वीआईपी पाल, प्रमोद पाल फौजी और पप्पू नेता सहित अनेक पार्टी कार्यकर्ता मौजूद रहे।















