औरैया जिले के ककोर स्थित तिरंगा मैदान में मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत 196 जोड़े विवाह बंधन में बंधे। इनमें से 192 जोड़ों का विवाह हिंदू रीति-रिवाज से संपन्न हुआ, जबकि 4 जोड़ों का निकाह पढ़ाया गया। इस सामूहिक विवाह कार्यक्रम का शुभारंभ गणेश जी के चित्र पर माल्यार्पण और दीप प्रज्वलन के साथ किया गया।

कार्यक्रम के दौरान जनपद प्रभारी मंत्री ने कहा कि यह योजना गरीब और असहाय परिवारों की बेटियों के विवाह को सम्मानजनक तरीके से संपन्न कराने के लिए शुरू की गई है, ताकि उन्हें यह महसूस न हो कि वे परिवार पर बोझ हैं। सरकार बेटियों की शिक्षा, सुरक्षा और रोजगार को बढ़ावा देने के लिए विभिन्न योजनाओं का लाभ प्रदान कर रही है, जिससे वे आत्मनिर्भर बन सकें। उन्होंने नवविवाहित जोड़ों को सुखमय जीवन का आशीर्वाद दिया और उन्हें उपहार भेंट कर उज्जवल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
भाजपा जिलाध्यक्ष ने बताया कि सरकार द्वारा प्रत्येक कन्या के बैंक खाते में 35 हजार रुपये जमा किए जाते हैं, जबकि 10 हजार रुपये मूल्य के पायल, बिछिया, वस्त्र, बर्तन आदि प्रदान किए जाते हैं। इसके अलावा, 6 हजार रुपये अन्य व्यवस्थाओं पर खर्च किए जाते हैं।
इस अवसर पर जिलाधिकारी, पुलिस अधीक्षक, मुख्य विकास अधिकारी, अपर जिलाधिकारी, मुख्य चिकित्साधिकारी, पूर्व सांसद, भाजपा जिला प्रभारी, संबंधित अधिकारी, खंड विकास अधिकारी, गणमान्य नागरिक और नवविवाहित जोड़ों के अभिभावक उपस्थित रहे।















