पैलानी/बांदा। जसपुरा थाना क्षेत्र के कुंडाडोल गांव के 13 वर्षीय मासूम बुद्धराज सुबह सड़क हादसे में दर्दनाक मौत हो गई। जानकारी के मुताबिक बुद्धराज अपने पिता मुन्नीलाल के साथ जसपुरा से ई-रिक्शा के जरिए घर लौट रहा था। सुबह करीब 10 बजे गौरीकला चौराहा के पास अचानक ई-रिक्शा अनियंत्रित होकर पलट गया, जिसमें बुद्धराज उसके नीचे दब गया। परिजनों ने बताया कि ई-रिक्शा में पहले से ही करीब 15 पटरे लदे हुए थे और चालक तेज रफ्तार में वाहन चला रहा था। इसी बीच संतुलन बिगड़ने से रिक्शा पलट गया। हादसे के बाद घायल बुद्धराज को तत्काल सीएचसी जसपुरा ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक के दादा ओमप्रकाश ने बताया कि बुद्धराज पिता का इकलौता पुत्र था। उसकी मां उर्मिला और तीन बहनेंकृगुड़िया (विवाहित), खुशबू तथा रेशमा (दोनों अविवाहित)कृरो-रोकर बेहाल हैं। बुद्धराज तीनों बहनों में सबसे छोटा था।
हादसे के समय पिता मुन्नीलाल परिवार के साथ पूर्व मंत्री दर्जा प्राप्त अच्छेलाल निशाद की पुत्री की शादी में बांदा गए हुए थे। वहीं से पिता-पुत्र आज सुबह जसपुरा लौटे थे और वहां से ई-रिक्शा पर बैठकर अपने गांव कुंडाडोल जा रहे थे। थाना प्रभारी अनिल कुमार ने बताया कि शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए बांदा भेज दिया गया है। ई-रिक्शा को जब्त कर चालक को हिरासत में ले लिया गया है। पुलिस आगे की आवश्यक कार्रवाई कर रही है।















