मुख्य विकास अधिकारी ने हुसैनपुर कलां-1 प्राथमिक विद्यालय का निरीक्षण किया,

मुज़फ्फरनगर में मुख्य विकास अधिकारी ने प्राथमिक विद्यालय हुसैनपुर कलां-1, विकास क्षेत्र बुढ़ाना का निरीक्षण कर विद्यालय की शैक्षिक व्यवस्था, भौतिक सुविधाओं और बच्चों की उपस्थिति की विस्तार से समीक्षा की। इस दौरान जिला पंचायत राज अधिकारी, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी संदीप कुमार तथा सम्बंधित ब्लॉक की खंड शिक्षा अधिकारी किरण यादव भी उपस्थित रहे। निरीक्षण की शुरुआत में उपस्थिति पंजिका का अवलोकन किया गया, जिसमें 07 अध्यापकों और 01 शिक्षा मित्र के सापेक्ष 02 सहायक अध्यापक अवकाश पर पाए गए जबकि शेष स्टाफ ड्यूटी पर मौजूद रहा। कुल नामांकित 298 बच्चों में से 231 विद्यार्थियों की उपस्थिति दर्ज की गई, जो विद्यालय की नियमितता और बच्चों की विद्यालय से जुड़ाव को दर्शाती है। विद्यालय की भौतिक स्थिति, साफ-सफाई, कक्षाओं की साज-सज्जा तथा शिक्षण स्तर को अधिकारी ने संतोषजनक पाया। कक्षा 4 के सेक्शन ए और बी में छात्रों से प्रश्नोत्तर के माध्यम से उनकी समझ, सीखने की क्षमता तथा विषय ज्ञान का परीक्षण किया गया, जिसमें बच्चों ने उत्साहपूर्वक उत्तर दिए और उनकी ज्ञानस्तर से अधिकारी प्रभावित हुए। बच्चों की प्रशंसा करते हुए उन्हें भविष्य के प्रति जागरूक और प्रेरित किया गया। विद्यालय में अधिकांश बच्चे यूनिफॉर्म में उपस्थित मिले, जो अनुशासन और विद्यालय प्रबंधन की सजगता का संकेत है। मध्यान्ह भोजन की तैयारी का भी निरीक्षण किया गया, जिसमें मेन्यू के अनुरूप शुक्रवार को सोयाबीन बड़ी और हरी सब्जियों से युक्त ताहरी परोसी जा रही थी। बच्चों से बातचीत के दौरान भोजन के स्वाद, गुणवत्ता और नियमित वितरण की पुष्टि की गई, जो संतोषजनक पाई गई। विद्यालय में बालक-बालिका शौचालय, स्वच्छ जल हेतु सबमर्सिबल और हैंडपंप पूर्णतः क्रियाशील मिले। विद्यालय 19 पैरामीटर्स पर संतृप्त पाया गया है और फरवरी 2025 में निपुण भारत मिशन के तहत निपुण विद्यालय का दर्जा प्राप्त कर चुका है। नामांकित 298 छात्रों में से 258 छात्रों की डीबीटी भी सफलतापूर्वक पूरी कर ली गई है। विशेष उपलब्धि के रूप में सहायक अध्यापक राकेश बंसल के प्रयासों की सराहना की गई, जिन्होंने वर्ष 2017 में मात्र 30 विद्यार्थियों से शुरू होकर आज 300 नामांकन तक विद्यालय को पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उनकी समर्पित कार्यशैली, सामूहिक प्रयास और विद्यालय टीम की प्रतिबद्धता को देखते हुए सभी स्टाफ को बधाई दी गई। यह निरीक्षण न केवल विद्यालय की प्रगति का प्रमाण है, बल्कि शिक्षा की गुणवत्ता को और बेहतर बनाने की दिशा में निरंतर प्रयासों को भी दर्शाता है।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts