भास्कर न्यूज़ उत्तर प्रदेश उत्तराखंड
मुजफ्फरनगर में नवरात्रि पर्व और आगामी त्योहारों के मद्देनज़र आम जनता को शुद्ध और स्वास्थ्यप्रद खाद्य एवं पेय पदार्थ उपलब्ध कराने हेतु विशेष अभियान चलाया गया। आयुक्त खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन, लखनऊ के निर्देशानुसार सहायक आयुक्त खाद्य श्रीमती अर्चना धीरान के निर्देशन और मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी शिवकुमार मिश्र के नेतृत्व में 05 अक्टूबर 2024 को खाद्य सुरक्षा टीम ने विभिन्न स्थानों से खाद्य पदार्थों के नमूने जांच के लिए संग्रहित किए।इस अभियान में कासिम प्रोविजन स्टोर, भोपा से किशमिश का नमूना, मैसर्स यश किराना स्टोर, मेन रोड भोपा से कुट्टू के आटे का नमूना लिया गया, और 18 किलोग्राम कुट्टू का आटा, जिसका अनुमानित मूल्य 1800 रुपये था, जब्त किया गया। इसके अलावा, सुधीर किराना स्टोर, भोपा से व्रत के नमकीन और कुट्टू के आटे के नमूने लिए गए और 11 किलोग्राम कुट्टू का आटा, जिसका मूल्य 1320 रुपये था, भी जब्त किया गया।कुल मिलाकर चार नमूने संग्रहित कर खाद्य प्रयोगशाला को जांच हेतु भेजे गए हैं। जांच रिपोर्ट आने के बाद खाद्य सुरक्षा और मानक अधिनियम 2006 के तहत आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इस अभियान में खाद्य सुरक्षा अधिकारी वैभव शर्मा, विशाल चौधरी और मनोज कुमार उपस्थित थे।















