बांदा। समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता और नरैनी विधानसभा के पूर्व प्रत्याशी व पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष महेंद्र सिंह वर्मा के नेतृत्व में सपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उपजिलाधिकारी नरैनी को एक ज्ञापन सौंपकर मतदाता सूची में कथित फर्जी नाम कटौती को लेकर गंभीर आरोप लगाए हैं। ज्ञापन में कहा गया कि मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम के द्वितीय चरण के दौरान सत्तारूढ़ दल से जुड़े कुछ नेताओं द्वारा अधिकारियों और कर्मचारियों के कथित गठजोड़ से प्रारूप-07 का दुरुपयोग किया जा रहा है।सपा नेताओं का आरोप है कि तहसील नरैनी के अंतर्गत विधानसभा क्षेत्र 234 नरैनी और विधानसभा क्षेत्र 235 बांदा के कई बूथों पर बड़ी संख्या में फर्जी तरीके से प्रारूप-07 भरवाकर मतदाताओं के नाम सूची से कटवाने की साजिश रची जा रही है। ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया कि जिन मतदाताओं के नाम काटे जा रहे हैं, उनमें अधिकांश अल्पसंख्यक वर्ग से जुड़े हैं और वे सभी अपने-अपने बूथ क्षेत्रों में निवासरत हैं। इसके बावजूद उनके नाम मतदाता सूची से हटाने की प्रक्रिया अपनाई जा रही है, जो लोकतांत्रिक व्यवस्था के लिए गंभीर खतरा है।
महेंद्र सिंह वर्मा ने आरोप लगाया कि यह पूरी कार्रवाई सरकार के इशारे पर की जा रही है, ताकि समाजवादी पार्टी से जुड़े मतदाताओं के नाम जानबूझकर सूची से हटाए जा सकें। उन्होंने कहा कि यह न केवल चुनावी प्रक्रिया की निष्पक्षता पर सवाल खड़ा करता है, बल्कि आम नागरिकों के संवैधानिक अधिकारों का भी हनन है। ज्ञापन के साथ संदिग्ध मामलों की सूची भी संलग्न की गई है, ताकि प्रशासन मामले की गंभीरता को समझ सके।सपा प्रतिनिधिमंडल ने मांग की कि फर्जी प्रारूप-07 भरने वालों को तत्काल चिन्हित किया जाए और उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज कर कड़ी कार्रवाई की जाए। साथ ही सभी बीएलओ को स्पष्ट निर्देश दिए जाएं कि किसी भी मतदाता का नाम गलत तरीके से न काटा जाए और पूरी प्रक्रिया पारदर्शिता के साथ पूरी की जाए।इस मौके पर ज्ञापन देने वालों में मनोज प्रधान विधानसभा उपाध्यक्ष, सुनील कुशवाहा, भरतलाल दिवाकर पूर्व प्रत्याशी 234 नरैनी, मुन्ना पटेल, चंद्रभान, मौसमी कोटार्य सहित बड़ी संख्या में पार्टी नेता, कार्यकर्ता और पदाधिकारी मौजूद रहे। सभी ने एक स्वर में चेतावनी दी कि यदि इस मामले में निष्पक्ष कार्रवाई नहीं हुई तो समाजवादी पार्टी लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन करने को मजबूर होगी।















