महिला सांसद के विरुद्ध अभद्र टिप्पणी मामले में कार्रवाई की मांग
पाषर्द अभिपेक के नेत्तृव में एसएसपी कार्यालय पहुंचे सपा नेता
सहारनपुर में एसएसपी को प्रार्थना पत्र देने जाते सपाई। कैराना से सांसद इकरा हसन के विरुद्ध की गई अभद्र टिप्पणी और साक्ष्य मिटाने के प्रयास को लेकर समाजवादी पार्टी महानगर विधानसभा प्रभारी अभिषेक टिंकू अरोड़ा ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को प्रार्थना पत्र सौंपते हुए आरोपी योगेन्द्र राणा के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की मांग की है। टिंकू अरोड़ा ने कहा कि मुरादाबाद निवासी योगेन्द्र राणा, जो स्वयं को करणी सेना का पदाधिकारी बताता है, ने सोशल मीडिया पर सांसद इकरा हसन के खिलाफ आपत्तिजनक, अश्लील और नारी गरिमा को ठेस पहुंचाने वाली टिप्पणियां सार्वजनिक रूप से साझा कीं। जब इस पर विरोध हुआ तो संबंधित पोस्ट और वीडियो को हटा दिया गया, जो स्पष्ट रूप से साक्ष्य मिटाने और जांच से बचने का प्रयास है। उन्होंने बताया कि उक्त कृत्य भारतीय न्याय संहिता 2023 की धाराओं 73, 79(2), 356, 113 तथा सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम 2000 की धाराओं 67 और 70 के तहत संज्ञेय अपराध की श्रेणी में आता है। उन्होंने एफआईआर दर्ज कर डिजिटल फॉरेंसिक के माध्यम से डिलीट सामग्री पुनः प्राप्त करने की मांग की। इस अवसर पर प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य फैसल सलमानी ने कहा कि ऐसे व्यक्ति पर रासुका के तहत कार्रवाई की जानी चाहिए। प्रधान संगठन के पदाधिकारियों व गुर्जर समाज के प्रतिनिधियों ने भी घटना की तीखी निंदा की और आरोपी की गिरफ्तारी की मांग की। इस दौरान बैलीस्टर गुर्जर, मोनू गुर्जर, अनमोल गुर्जर, गोल्डी गुर्जर, सुमित गुर्जर, शिवम् गुर्जर, शिवांग शर्मा, शुभम शोभा और शुभम थापा सहित कई लोग मौजूद रहे।















