बांदा में मुख्यमंत्री योगी के निर्देश पर शनिवार को जिले के सभी थानों में ‘थाना समाधान दिवस’ का आयोजन किया गया। इस दौरान पुलिस और राजस्व विभाग की संयुक्त टीम ने लोगों की समस्याएं गंभीरता से सुनीं और कई मामलों का मौके पर ही समाधान कराया। जनता की शिकायतों के त्वरित निस्तारण को लेकर अधिकारियों की सक्रियता पूरे दिन देखने को मिली।
थाना गिरवां में अपर पुलिस अधीक्षक शिवराज स्वयं मौजूद रहे और उन्होंने फरियादियों की समस्याएं सुनकर संबंधित पुलिसकर्मियों और लेखपालों को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। शिकायत लेकर पहुंचे लोगों की लंबी कतार लगी रही, लेकिन अधिकारियों ने एक-एक व्यक्ति की बात ध्यान से सुनी। कई मामलों में मौके से ही संबंधित दरोगा और राजस्व कर्मचारियों को फोन कर जल्द निस्तारण के आदेश दिए गए। अधिकारियों ने साफ कहा कि लोगों को अनावश्यक चक्कर न लगाने पड़ें और उनकी समस्याओं का समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जाए।
जनपद के विभिन्न थानों में कुल 84 शिकायतें दर्ज की गईं। इनमें भूमि विवाद, कब्जा, मारपीट, पारिवारिक विवाद और राजस्व संबंधी मामले प्रमुख रहे। पुलिस और राजस्व विभाग की संयुक्त कार्रवाई के चलते 37 मामलों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया, जिससे फरियादियों ने राहत महसूस की। वहीं शेष 47 शिकायतों के लिए विशेष टीमें गठित कर जांच और त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।
अधिकारियों ने बताया कि ‘थाना समाधान दिवस’ का उद्देश्य जनता को न्याय दिलाने की प्रक्रिया को आसान और पारदर्शी बनाना है, ताकि लोगों को छोटी-छोटी समस्याओं के लिए बार-बार सरकारी दफ्तरों के चक्कर न लगाने पड़ें। जिले में इस पहल को लेकर लोगों में सकारात्मक प्रतिक्रिया देखने को मिली।















