मुजफ्फरनगर। समाज सेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देते हुए समाजसेविका बीना शर्मा ने दो टीबी मरीजों को पोषण पोटली वितरित की और उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना की। उन्होंने कहा कि टीबी मरीजों को उचित पोषण और देखभाल की आवश्यकता होती है। पोषण पोटली में विटामिन, प्रोटीन युक्त आहार और ऊर्जा बढ़ाने वाले खाद्य पदार्थ शामिल किए गए हैं, जिससे मरीजों को तेजी से ठीक होने में मदद मिलेगी।
मरीजों और उनके परिजनों ने इस पहल के लिए आभार व्यक्त किया। उनका कहना था कि इस प्रकार के सहयोग से न सिर्फ पोषण मिलेगा, बल्कि मरीजों में आत्मविश्वास भी बढ़ेगा, जिससे वे जल्द स्वस्थ हो सकेंगे।
जिला क्षय रोग विशेषज्ञ डॉ. लोकेश गुप्ता ने बताया कि टीबी के इलाज में पोषण की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। उन्होंने कहा कि इस तरह की पहल से मरीजों को शारीरिक और मानसिक मजबूती मिलती है। स्वास्थ्य विभाग ने भी समाज के अन्य लोगों से अपील की कि वे टीबी मरीजों को अपनाकर उनके उपचार और पोषण में योगदान दें, ताकि समाज को टीबी मुक्त बनाने का लक्ष्य पूरा हो सके।















