खतौली थाना परिसर में आगामी त्योहारों—जुम्मा, होली और ईद—को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से पीस कमेटी की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता उप जिला मजिस्ट्रेट मोनालिसा जौहरी और प्रभारी निरीक्षक खतौली ने की। इस दौरान क्षेत्र के सम्मानित नागरिकों और धर्मगुरुओं ने भाग लिया।

बैठक में मौजूद गणमान्य लोगों से अपील की गई कि सभी समुदायों की भावनाओं का सम्मान करें और शांति बनाए रखें। जुमे की नमाज शांतिपूर्ण तरीके से अदा करने की अपील की गई, साथ ही किसी भी तरह की अफवाहों पर ध्यान न देने और उनकी पुष्टि प्रशासन से करने की सलाह दी गई। किसी भी असामाजिक तत्व या संप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने की कोशिश करने वालों की सूचना तुरंत पुलिस को देने का अनुरोध किया गया।
सोशल मीडिया पर भड़काऊ, गलत या अशोभनीय पोस्ट शेयर न करने की भी हिदायत दी गई, जिससे किसी की धार्मिक भावनाएं आहत न हों। सभी नागरिकों से कानून व्यवस्था बनाए रखने और प्रशासन का सहयोग करने की अपील की गई। बैठक में अन्य प्रशासनिक और पुलिस अधिकारी भी उपस्थित रहे।















