सहारनपुर । मुजफ्फरनगर लोकसभा सीट से सपा सांसद हरेंद्र मलिक पुलिस की कड़ी निगरानी के बावजूद सहारनपुर पहुंच गए। बताया गया कि सांसद पिछले दो दिनों से हाउस अरेस्ट थे, लेकिन इसके बावजूद वह पुलिस को चकमा देकर सहारनपुर पहुंचे। समाजवादी पार्टी के प्रतिनिधिमंडल को सहारनपुर जाने से रोकने के लिए पुलिस की ओर से निगरानी और रोकथाम की कार्रवाई की जा रही थी। हालांकि, पूरे प्रतिनिधिमंडल में केवल सांसद हरेंद्र मलिक ही सहारनपुर पहुंच सके, जबकि डेलिगेशन में शामिल अन्य नेता वहां नहीं पहुंच पाए।
सहारनपुर पहुंचने के बाद हरेंद्र मलिक सीधे कमिश्नर कार्यालय गए। उनके साथ सपा मुजफ्फरनगर जिलाध्यक्ष जिया चौधरी और सपा जिलाध्यक्ष संजय पांडे भी मौजूद रहे। सांसद ने कमिश्नर कार्यालय में मस्जिद ध्वस्तीकरण प्रकरण को लेकर ज्ञापन सौंपा। उन्होंने अधिकारियों से पूरे मामले की जानकारी ली और घटना से जुड़े तथ्यों पर चर्चा की।
सांसद हरेंद्र मलिक ने मस्जिद ध्वस्तीकरण प्रकरण में उचित जांच और नियमानुसार कार्रवाई किए जाने की मांग की। उन्होंने अधिकारियों के समक्ष मामले को गंभीरता से उठाते हुए प्रभावित पक्ष को न्याय दिलाने की मांग रखी। इस दौरान सपा नेताओं ने भी प्रकरण को लेकर अपनी आपत्तियां और मांगें अधिकारियों के सामने रखीं। सांसद के सहारनपुर पहुंचने को लेकर राजनीतिक और प्रशासनिक हलकों में भी चर्चा रही।























































