बांदा। जनपद को नशा मुक्त बनाने के लिए चलाए जा रहे ऑपरेशन ईगल अभियान के तहत बांदा पुलिस को एक और बड़ी सफलता मिली है।पुलिस अधीक्षक पलाश बंसल के निर्देशन में थाना बिसण्डा पुलिस ने अवैध गांजे की तस्करी करने वाले एक अभियुक्त को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 2 किलो से अधिक सूखा गांजा बरामद किया है। देर रात थाना बिसण्डा पुलिस गश्त और चेकिंग पर थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि एक व्यक्ति बबेरु रोड स्थित शांति नगर पुलिया के पास गांजे के साथ खड़ा है। पुलिस टीम ने घेराबंदी कर रामदीन पुत्र छेदीलाल निवासी ग्राम गड़ाव थाना बिसण्डा को दबोच लिया। तलाशी लेने पर उसके पास से 02 किलो 50 ग्राम अवैध सूखा गांजा बरामद हुआ।पुलिस ने बरामद गांजे को कब्जे में लेकर आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा पंजीकृत किया है।न्यायालय के समक्ष पेश कर जेल भेज दिया गया।इस कार्रवाई को थानाध्यक्ष बिसण्डा चन्द्र प्रकाश तिवारी के नेतृत्व में चौकी प्रभारी ओरन बुध्दिसागर, कांस्टेबल विक्रम सिंह और कांस्टेबल भूपेन्द्र सिंह की टीम ने अंजाम दिया। एसपी पलाश बंसल ने कहा कि जनपद में नशे के कारोबार में लिप्त लोगों के खिलाफ ऑपरेशन ईगल लगातार जारी रहेगा। किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा।























































