मुजफ्फरनगर में अंबेडकर जयंती पर भव्य शोभायात्रा, गूंजे जय भीम के नारे

मुजफ्फरनगर में संविधान निर्माता भीमराव अंबेडकर की 135वीं जयंती के अवसर पर टाउनहॉल मैदान से भव्य शोभायात्रा का आयोजन किया गया। इस शोभायात्रा में सामाजिक एकता, समानता और शिक्षा का संदेश प्रमुख रूप से दिया गया, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। पूरे मार्ग पर जय भीम के नारों की गूंज सुनाई दी और माहौल पूरी तरह उत्साह और ऊर्जा से भर गया। शोभायात्रा में आकर्षक झांकियों के माध्यम से सामाजिक न्याय, शिक्षा और समानता के संदेश को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया गया, जिसे देखने के लिए रास्ते भर लोगों की भीड़ उमड़ी रही।इस अवसर पर नगरपालिका परिषद की अध्यक्ष मीनाक्षी स्वरूप मुख्य रूप से उपस्थित रहीं। उन्होंने शोभायात्रा में शामिल होकर डॉ. अंबेडकर के जीवन, उनके संघर्ष और संविधान निर्माण में दिए गए अमूल्य योगदान को याद किया। कार्यक्रम के दौरान उन्होंने अंबेडकर के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया। शोभायात्रा समिति के अध्यक्ष राजकुमार सिद्धार्थ सहित अन्य पदाधिकारियों ने उनका स्वागत नीली पगड़ी पहनाकर किया और अंबेडकर का चित्र भेंट कर सम्मानित किया।

अपने संबोधन में मीनाक्षी स्वरूप ने कहा कि डॉ. अंबेडकर का योगदान भारतीय समाज की मजबूत आधारशिला है। उन्होंने जीवनभर सामाजिक असमानता, भेदभाव और अन्याय के खिलाफ संघर्ष करते हुए देश को समानता और अधिकारों पर आधारित संविधान दिया। उन्होंने कहा कि अंबेडकर का जीवन यह प्रेरणा देता है कि शिक्षा ही समाज को सशक्त बनाने का सबसे बड़ा माध्यम है। यदि समाज को प्रगति के पथ पर आगे बढ़ाना है, तो प्रत्येक व्यक्ति को शिक्षा, जागरूकता और संवैधानिक मूल्यों को अपनाना होगा।उन्होंने आगे कहा कि वर्तमान समय में अंबेडकर के विचार और भी अधिक प्रासंगिक हो गए हैं, क्योंकि सामाजिक समरसता और समान अवसर किसी भी विकसित समाज की नींव होते हैं। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे अंबेडकर के सिद्धांतों को अपने जीवन में अपनाएं और समाज में सकारात्मक बदलाव लाने में अपनी भूमिका निभाएं। साथ ही उन्होंने महिलाओं के सशक्तिकरण, सामाजिक न्याय और पारदर्शी व्यवस्था के लिए अंबेडकर के विचारों को मार्गदर्शक बताया।

शोभायात्रा के दौरान ढोल-नगाड़ों और जय भीम के नारों से पूरा वातावरण गूंजता रहा। विभिन्न सामाजिक संगठनों और स्थानीय नागरिकों ने आयोजन को सफल बनाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया। इस अवसर पर भाजपा सभासद मनोज वर्मा, राजीव शर्मा, सुनीता अंबेडकर, रविकांत शर्मा उर्फ काका, प्रमोद अंबेडकर सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts