मुज़फ्फरनगर में कांवड़ यात्रा पर सुरक्षा चाकचौबंद, झांकियों से गूंजा शिव चौक

हरिद्वार से गंगाजल लेकर शिवालयों की ओर बढ़ते कांवड़ियों का सैलाब मुज़फ्फरनगर पहुंच रहा है। शहर के प्रमुख स्थल शिव चौक पर एक से बढ़कर एक आकर्षक कांवड़ झांकियां गुजर रही हैं, जिससे वातावरण पूरी तरह भक्ति में डूबा नजर आ रहा है। डीजे की भक्ति धुनों, भगवा रंग की आभा और बोल बम के जयकारों से पूरा शहर गूंज रहा है। शिव भक्तों की आस्था और जोश देखते ही बन रहा है।प्रशासन ने यात्रा को लेकर सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाया है। सिटी मजिस्ट्रेट और सीओ सिटी राजू कुमार साव की निगरानी में शिव चौक और यात्रा मार्ग पर कड़े इंतज़ाम किए गए हैं। सीओ सिटी ने जानकारी दी कि इस बार कांवड़ यात्रा तय समय से पहले शुरू हो गई है। इसलिए शहर में ट्रैफिक और सुरक्षा प्रबंधन को पहले से ही सक्रिय कर दिया गया है। उन्होंने बताया कि सभी झांकियों और कांवड़ियों को मानकों के अनुसार ही शहर में प्रवेश दिया जा रहा है।यात्रा मार्ग पर ट्रैफिक डायवर्जन प्लान पूरी तरह लागू किया गया है। शहर के प्रमुख चौराहों और संवेदनशील स्थानों पर पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। सुरक्षा के लिहाज से ATS की टीम भी इस बार ड्यूटी पर लगाई गई है। इसके अलावा, करीब 550 हाई-टेक आईपी-बेस्ड सीसीटीवी कैमरे पूरे यात्रा मार्ग पर लगाए गए हैं, जिनकी निगरानी शिव चौक स्थित कंट्रोल रूम से लगातार की जा रही है।राजू कुमार साव ने बताया कि किसी भी अराजक गतिविधि को रोकने के लिए विशेष निगरानी रखी जा रही है। पिछले कुछ दिनों में 5 ऐसे संदिग्धों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है जो यात्रा में बाधा डाल सकते थे। उन्होंने कहा कि यात्रा धीरे-धीरे अपने चरम पर पहुंच रही है और भीड़ में लगातार इज़ाफा हो रहा है।लखनऊ मुख्यालय से जिले को विशेष बल भी मुहैया कराया गया है, जो गुप्त रूप से सुरक्षा में जुटा है। प्रशासन का मकसद साफ है—कांवड़ यात्रा को पूरी तरह शांतिपूर्ण और सुरक्षित माहौल में संपन्न कराना।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts