अमेरिका के उत्तर-पूर्व में भीषण बर्फीला तूफान, 11 हजार से ज्यादा उड़ानें रद्द, लाखों घरों की बिजली गुल

अमेरिका के उत्तर-पूर्वी हिस्से में आए भीषण बर्फीले तूफान ने जनजीवन पूरी तरह से अस्त-व्यस्त कर दिया है. तेज हवाओं और रिकॉर्डतोड़ बर्फबारी के चलते एयरपोर्ट्स पर रनवे बंद करने पड़े, हजारों उड़ानें रद्द हो गईं और लाखों घरों की बिजली गुल हो गई. रविवार से मंगलवार के बीच 11,055 से ज्यादा फ्लाइट्स कैंसिल कर दी गईं. फ्लाइट ट्रैकिंग कंपनी FlightAware के मुताबिक, हालात इतने खराब थे कि कई बड़े एयरपोर्ट्स को अस्थायी रूप से बंद करना पड़ा.

रिकॉर्डतोड़ बर्फबारी, कई जगह 3 फीट से ज्यादा बर्फ

National Weather Service के अनुसार, Rhode Island और Massachusetts के कई इलाकों में 37 इंच तक बर्फ दर्ज की गई. न्यूयॉर्क सिटी के सेंट्रल पार्क में रविवार से सोमवार के बीच करीब 20 इंच बर्फ गिरी, जबकि लॉन्ग आइलैंड के इस्लिप इलाके में 22 इंच से ज्यादा बर्फबारी हुई. प्रोविडेंस (रोड आइलैंड) में 32.8 इंच बर्फ दर्ज की गई, जिसने 1978 में बने 28.6 इंच के पुराने रिकॉर्ड को तोड़ दिया.मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि यह पिछले लगभग एक दशक का सबसे ताकतवर नॉरईस्टर तूफान है. कई जगहों पर प्रति घंटे 2 से 3 इंच तक बर्फ गिरती रही और हवा की रफ्तार 110 मील प्रति घंटे तक पहुंच गई.

6 लाख से ज्यादा घरों की बिजली गुल

भारी बर्फबारी और तेज हवाओं के कारण उत्तर-पूर्वी राज्यों में 6 लाख से ज्यादा घरों और दफ्तरों की बिजली चली गई. सोमवार शाम तक 5,19,232 घर और ऑफिस अंधेरे में डूबे रहे. स्थिति की गंभीरता का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि 153 साल के इतिहास में पहली बार मशहूर अखबार The Boston Globe अपना प्रिंट एडिशन नहीं निकाल सका. कर्मचारी बर्फ की वजह से प्रिंटिंग प्रेस तक नहीं पहुंच पाए.

कई राज्यों में इमरजेंसी और ट्रैवल बैन

हालात बिगड़ते देख कई राज्यों में आपातकाल घोषित करना पड़ा. न्यूयॉर्क सिटी में स्कूल, सड़कें, पुल और हाईवे अस्थायी रूप से बंद कर दिए गए थे. बाद में हालात में सुधार होने पर मेयर जोहरान ममदानी ने आदेश हटाते हुए स्कूल खोलने की घोषणा की. उन्होंने मजाकिया अंदाज में बच्चों को स्नोबॉल फेंकने का न्योता भी दिया. वहीं मैसाचुसेट्स की गवर्नर Maura Healey ने कई इलाकों में ट्रैवल बैन लागू कर लोगों से घरों में रहने की अपील की.

क्या होता है नॉरईस्टर तूफान?

नॉरईस्टर अमेरिका के पूर्वी तट पर आने वाला एक शक्तिशाली शीतकालीन तूफान होता है. इसे नॉरईस्टर इसलिए कहा जाता है क्योंकि इसमें हवाएं आमतौर पर उत्तर-पूर्व दिशा से चलती हैं. सर्दियों में कनाडा की ओर से आने वाली बेहद ठंडी हवा जब अटलांटिक महासागर से उठने वाली गर्म और नम हवा से टकराती है, तब यह खतरनाक सिस्टम बनता है.समुद्र का पानी अपेक्षाकृत गर्म होने के कारण हवा में नमी बढ़ जाती है. यही नमी जब ठंडी हवा से मिलती है तो भारी बर्फबारी शुरू हो जाती है. ऊपरी वायुमंडल में बहने वाली तेज रफ्तार हवाएं, जिन्हें जेट स्ट्रीम कहा जाता है, इस तूफान को और ताकत देती हैं.

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts