पहले फेज की जनगणना का शेड्यूल जारी,

कानपुर। जनगणना 2027 की तैयारियों को लेकर जिला प्रशासन सक्रिय हो गया है। इस बार जनगणना पूरी तरह डिजिटल माध्यम से कराई जाएगी, जिसमें पहली बार नागरिकों को स्वगणना की सुविधा भी दी जा रही है।जनगणना दो चरणों में संपन्न होगी, जिसमें पहला चरण 22 मई से 20 जून तक चलेगा। जनगणना में इस बार 33 बिंदुओं पर प्रत्येक परिवार से जानकारी मांगी जाएगी।

सरसैया घाट नवीन सभागार में जिलाधिकारी जितेन्द्र प्रताप सिंह की अध्यक्षता में जिला स्तरीय जनगणना समन्वय समिति की बैठक आयोजित की गई। जिलाधिकारी ने बताया कि जनगणना दो चरणों में कराई जाएगी। पहला चरण 22 मई से 20 जून तक चलेगा, जिसमें भवनों की गणना की जाएगी। दूसरा चरण फरवरी 2027 में शुरू होगा, जिसमें जनसंख्या से संबंधित आंकड़े जुटाए जाएंगे। जनपद में इस अभियान के लिए कुल 13,089 कार्मिकों की तैनाती की गई है।

उन्होंने बताया कि यह देश की 16वीं तथा स्वतंत्रता के बाद की आठवीं जनगणना होगी। यह गांव, शहर और वार्ड स्तर पर सामाजिक, आर्थिक और जनसांख्यिकीय आंकड़ों का सबसे प्रामाणिक स्रोत होगा। इसके माध्यम से आवास की स्थिति, मूलभूत सुविधाएं, शिक्षा, साक्षरता, आर्थिक गतिविधियां, धर्म, भाषा जैसे विषयों पर जानकारी मांगी जाएगी। इस बार की जनगणना पूरी तरह डिजिटल होगी।

जनगणना शुरू होने के 15 दिन पहले नागरिक सेंसस सेल्फ एन्युमरेशन पोर्टल और मोबाइल एप के माध्यम से स्वयं आनलाइन प्रश्नों का उत्तर देकर फार्म भर सकेंगे। जनगणना के दौरान भवन, कमरों की संख्या, स्वामित्व, पेयजल, बिजली, शौचालय, खाना पकाने के ईंधन और चल-अचल संपत्तियों से जुड़े 33 बिंदुओं पर जानकारी देना अनिवार्य है।

जिलाधिकारी ने बताया कि मास्टर ट्रेनरों का प्रशिक्षण 28 फरवरी तक, फील्ड ट्रेनरों का प्रशिक्षण 31 मार्च तक और पर्यवेक्षकों का प्रशिक्षण 15 मई तक पूर्ण होगा। बैठक में लखनऊ से आए सहायक निदेशक सेंसस दिनेश यादव, सीडीओ दीक्षा जैन, एडीएम वित्त एवं राजस्व विवेक चतुर्वेदी, अपर नगर आयुक्त आवेश खान, डीपीआरओ मनोज कुमार, बीएसए सुरजीत सिंह, डीआईओ शांतनु श्रीवास्तव, जिला अर्थ एवं सांख्यिकी अधिकारी ईशा शर्मा मौजूद रहीं।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts