मुजफ्फरनगर। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर नगरपालिका परिषद मुजफ्फरनगर द्वारा मेरठ रोड स्थित कमला नेहरू वाटिका (कम्पनी बाग) में भव्य पौधारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में नगरपालिका अध्यक्ष मीनाक्षी स्वरूप ने विभिन्न प्रजातियों के फलदार, छायादार एवं औषधीय पौधों का रोपण कर पर्यावरण संरक्षण एवं हरित विकास का संदेश दिया। इस अवसर पर पालिका सभासदों, अधिकारियों, कर्मचारियों तथा विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने भी पौधारोपण कर पर्यावरण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।
कार्यक्रम के दौरान आम, जामुन, नीम, गुलमोहर, कटहल सहित अनेक प्रकार के पौधे लगाए गए। उपस्थित लोगों से पौधों के संरक्षण, स्वच्छता बनाए रखने और पर्यावरण संतुलन के लिए सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया गया। पौधारोपण के साथ-साथ पर्यावरण जागरूकता पर भी विशेष जोर दिया गया।
पालिका अध्यक्ष मीनाक्षी स्वरूप ने कहा कि विश्व पर्यावरण दिवस केवल पौधे लगाने का अवसर नहीं, बल्कि उनके संरक्षण और संवर्धन का संकल्प लेने का भी दिन है। उन्होंने कहा कि बढ़ते प्रदूषण, जलवायु परिवर्तन और पर्यावरणीय चुनौतियों के बीच प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है कि वह प्रकृति के संरक्षण में अपना योगदान दे। उन्होंने ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान का उल्लेख करते हुए लोगों से अपनी माताओं के सम्मान में एक पौधा लगाने तथा उसकी नियमित देखभाल करने की अपील की। उन्होंने कहा कि यदि प्रत्येक व्यक्ति एक पौधे को वृक्ष बनने तक संरक्षित करने का संकल्प ले, तो पर्यावरण संरक्षण की दिशा में बड़ा बदलाव संभव है।
उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के जन्मदिवस और विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर प्रदेशभर में चलाए जा रहे पौधारोपण अभियान का उद्देश्य पर्यावरण को सुरक्षित एवं संतुलित बनाना है। साथ ही केंद्र एवं प्रदेश सरकार द्वारा संचालित स्वच्छता और हरित विकास संबंधी योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि इन प्रयासों से प्रदेश निरंतर प्रगति के नए आयाम स्थापित कर रहा है।
अधिशासी अधिकारी डॉ. प्रज्ञा सिंह ने नगरवासियों से अपने घरों, मोहल्लों एवं सार्वजनिक स्थलों की स्वच्छता बनाए रखने तथा पर्यावरण संरक्षण के लिए जनसहभागिता बढ़ाने की अपील की। उन्होंने कहा कि स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण तभी सफल हो सकते हैं जब समाज का प्रत्येक व्यक्ति इसमें सक्रिय भागीदारी निभाए। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी लोगों को वृक्षारोपण, पौधों की देखभाल एवं पर्यावरण संरक्षण का सामूहिक संकल्प दिलाया गया। इस अवसर पर पालिका के जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।























































