मुज़फ्फरनगर में “संविधान, मेरा स्वाभिमान” राष्ट्रीय सेमिनार सम्पन्न, युवा पीढ़ी में संवैधानिक जागरूकता का संदेश गूंजा

मुज़फ्फरनगर। गोल्डन पीकॉक फाउंडेशन, मुज़फ्फरनगर द्वारा संस्कृति मंत्रालय, भारत सरकार के सहयोग से आयोजित दो दिवसीय राष्ट्रीय सेमिनार “संविधान, मेरा स्वाभिमान” का दूसरा और अंतिम दिवस बुधवार को सनातन धर्म कॉलेज के सभागार में विविध शैक्षणिक और सांस्कृतिक गतिविधियों के बीच संपन्न हुआ। पूरे आयोजन के दौरान संवैधानिक मूल्यों, संवाद और जन-जागरूकता की सकारात्मक ऊर्जा वातावरण में महसूस की गई। दूसरे दिन के सभी सत्रों का संचालन विशेषज्ञ वक्ताओं के मार्गदर्शन में हुआ, जिन्होंने भारतीय संविधान के स्वरूप, उसकी आत्मा, उद्देश्य और युवा पीढ़ी की जिम्मेदारियों पर विस्तृत विचार व्यक्त किए।

सत्र को संबोधित करते हुए डॉ. प्रीतम सिंह ने कहा कि संविधान भारत की जीवंत आत्मा है, जो समय के साथ बदलती जरूरतों के अनुसार समाज को दिशा प्रदान करता है। उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे संवैधानिक आदर्शों को केवल पढ़ें ही नहीं, बल्कि उन्हें अपने दैनिक जीवन में आचरण के रूप में भी अपनाएं। डॉ. फरहीन जावेद ने अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता, समानता और न्याय जैसे महत्वपूर्ण संवैधानिक अधिकारों को साहित्यिक उदाहरणों के माध्यम से सरल भाषा में समझाया। उन्होंने कहा कि संविधान नवभारत की प्रगतिशील सोच का आधार है और यही देश को मजबूत लोकतांत्रिक ढांचा प्रदान करता है।

डॉ. पर्वीन कुमार ने शिक्षा को संवैधानिक मूल्यों के प्रसार का प्रमुख माध्यम बताते हुए कहा कि युवा पीढ़ी को समान अवसर, मौलिक कर्तव्य और विधिक समझ को जीवन का हिस्सा बनाना चाहिए, क्योंकि भविष्य की भारत-निर्माण प्रक्रिया में युवाओं की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। मोहम्मद शाहाबुद्दीन ने अधिकारों और कर्तव्यों के संतुलन को लोकतंत्र की मजबूती का आधार बताते हुए विद्यार्थियों को विधिक जागरूकता बढ़ाने की सलाह दी।

दूसरे दिन का विशेष आकर्षण रहा मेरठ के हम कदम नाट्य संस्थान द्वारा प्रस्तुत सांस्कृतिक नाट्य मंचन, जिसमें कलाकारों ने अभिनय, नृत्य और संवाद के माध्यम से संवैधानिक अधिकारों और कर्तव्यों पर प्रभावशाली संदेश दिया। दर्शकों ने इस प्रस्तुति की भरपूर सराहना की और इसे जागरूकता का सशक्त माध्यम बताया।सेमिनार के दौरान आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को पुरस्कृत किया गया। उत्कृष्ट निबंध के लिए प्रथम पुरस्कार (₹5100/-) एस. वी. एम. कॉलेज ऑफ योगा हेल्थ एंड साइंस, मुज़फ्फरनगर को मिला, जबकि जिला स्तरीय चित्रकला प्रतियोगिता में श्री राम ग्रुप ऑफ कॉलेजेज, मुज़फ्फरनगर को उत्कृष्ट संस्थागत प्रदर्शन का सम्मान प्राप्त हुआ। फाउंडेशन की ओर से सभी प्रतिभागियों को प्रमाणपत्र एवं सम्मान चिह्न प्रदान किए गए।फाउंडेशन के अध्यक्ष वसीम अहमद ने कहा कि यह दो दिवसीय सेमिनार युवाओं में संवैधानिक समझ, लोकतांत्रिक चेतना और राष्ट्रहित के प्रति समर्पण की भावना को मजबूत करने वाला साबित होगा। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ, जिसके साथ सभागार में राष्ट्रभावना, अनुशासन और एकता की अनोखी अनुभूति छा गई।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts