घटना-ःइको गाड़ी की सड़क किनारे खड़ी ट्रैक्टर-ट्राली में जोरदार टक्कर, तीन की मौके पर ही दर्दनाक मौत, पांच अन्य घायल हरियाणा के करनाल निवासी एक ही परिवार लोग जा रहे थे हरिद्वार स्नान करने दूसरी घटनाः- चालक को नींद की झपकी आने से फोर्स गाड़ी सिलेंडर से भरे ट्रक में जा घुसी तीन श्रद्धालुओं की मौत, आठ अन्य घायल मध्यप्रदेश के गुना जिले के थाना कुंभराज क्षेत्र के जस्ताखेड़ी और देहरी गांव के 11 लोग फोर्स बोलेरो से हरिद्धार जा रहे थे…..
सहारनपुर में सड़क दुर्घटना में क्षतिग्रस्त हुई इको कार। सरसावा नेशनल हाइवे पर घटनास्थल पर मौजूद पुलिस एवं जिला अस्पताल में उपचाराधीन घायल। सहारनपुर। दो अलग-अलग सड़क दुर्घटनाओं में हरिद्वार स्नान करने जा रहे परिवारों के छह लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। जबकि 13 लोग गम्भीर रूप से घायल हो गए जिन्हें पुलिस व स्थानीय लोगों की मदद से तत्काल उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस ने मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पहली घटना थाना नकुड़ क्षेत्रांतर्गत अम्बेहटा-खेड़ा मार्ग पर हुई जिसमें बीती रात हरिद्वार स्नान करने जा रहे एक परिवार की खुशियां उस समय मातम में बदल गईं, जब उनकी इको गाड़ी सड़क किनारे खड़ी ट्रैक्टर-ट्रॉली से टकरा गई। हादसे में तीन लोगों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि पांच अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। मिली जानकारी के अनुसार हरियाणा के करनाल जिले के कुंजपुरा थाना क्षेत्र के गांव कुलबेहरी निवासी एक ही परिवार के लोग हरिद्वार स्नान के लिए जा रहे थे। बताया जाता है कि जैसे ही उनकी इको गाड़ी संख्या एचअ ार 05 7634 रात्रि लगभग 11 बजे अम्बेहटा-खेड़ा अफगान रोड स्थित याकूबपुर पुलिया के पास पहुंची तो सड़क किनारे खड़ी बिना रिफ्लेक्टर की ट्रैक्टर-ट्रॉली से उसकी जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर होते ही यात्रियों में चीखपुकार मच गई। हादसे में 40 वर्षीय रिंकू पुत्र ओमप्रकाश, 60 वर्षीचय मोतीपाल पुत्र पन्ना और 60 वर्षीय पृथ्वी पुत्र आशाराम की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि 55 वर्षीय काढ़ा पुत्र गिरवर, 35 वर्षीय काका पुत्र प्रेमचंद, 40 वर्षीय सुभाष पुत्र धनसिंह, 50 वर्षीयच रामचंदर पुत्र सुनेहरा व 45 वर्षीय वोण्डा उर्फ रवि पुत्र बलराज गंभीर रूप से घायल हो गए जिन्हें तत्काल उपचार के लिए अस्पताल भर्ती कराया गया। घटना की जानकारी मिलते ही सीओ एसएन वैभव पांडेय और थाना प्रभारी अविनाश गौतम मौके पर पहुंचे और मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। सीओ वैभव पांडेय ने बताया कि पीड़ित परिवार की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और मामले की जांच की जा रही है। पुलिस ने ट्रैक्टर-ट्रॉली चालक की तलाश शुरू कर दी है। दूसरी घटना थाना सरसावा क्षेत्रांतर्गत नेशनल हाईवे-344 पर शनिवार तड़के हुई जब मध्यप्रदेश से हरिद्वार जा रहे श्रद्धालुओं से भरी फोर्स गाड़ी गैस सिलेंडरों से भरे खड़े ट्रक में जा घुसी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि गाड़ी के परखच्चे उड़ गए। हादसे में एक महिला समेत तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि आठ अन्य यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को पुलिस ने तत्काल एंबुलेंस की मदद से जिला अस्पताल भिजवाया। मृतक और घायल एक ही परिवार के बताए जा रहे हैं। ट्रक चालक हादसे के बाद फरार हो गया। मिली जानकारी के अनुसार मध्यप्रदेश के गुना जिले के थाना कुंभराज क्षेत्र के जस्ताखेड़ी और देहरी गांव के 11 लोग फोर्स बोलेरो (एमपी 08 बीए 2210) में सवार होकर हरिद्वार स्नान करने जा रहे थे। बताया जाता है सुबह करीब साढ़े चार बजे सरसावा थाना क्षेत्र के कुम्हारहेड़ा हाईवे कट के पास कार चालक को नींद की झपकी लगने से वह गाड़ी से नियंत्रण खो बैठा और उनका वाहन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े गैस सिलेंडर से लदे ट्रक (पीबी 65 बीए 1659) से टकरा गया। टक्कर के बाद वाहन में चीख-पुकार मच गई। सूचना पर सीओ नकुड़ एसएन वैभव पांडेय और थाना प्रभारी नरेंद्र कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने गाड़ी में फंसे घायलों को बाहर निकलवाकर एंबुलेंस से उपचार के लिए जिला अस्पताल भिजवाया। जहां डॉक्टरों ने 32 वर्षीय रुक्मणी पत्नी पवन, 40 वर्षीय पवन पुत्र रोडीलाल और 55 वर्षीय हरिनारायण पटेल पुत्र हरिसिंह को मृत घोषित कर दिया। जबकि आठ अन्य लोग गम्भीर रूप से घायल हो गए जिनमें 28 वर्षीय चालक सुनील पुत्र रूपसिंह, 38 वर्षीय निरंजन, 36 वर्षीय रेखा, 45 वर्षीय विमला, 30 वर्षीय रचना, 38 वर्षीय लक्ष्मण, 50 वर्षीय दशरथ और 45 वर्षीय कृष्णा शामिल हैं। इनमें से चालक को छोड़कर सात घायल और तीन मृतक एक ही परिवार के हैं। सभी का उपचार जिला अस्पताल में चल रहा है। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में लेकर शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हादसे की सूचना परिजनों को दे दी गई है, जबकि ट्रक चालक मौके से फरार हो गया।















