मुजफ्फरनगर में महिलाओं के सशक्तिकरण और सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से मिशन शक्ति फेज-5 के द्वितीय चरण के अंतर्गत रिजर्व पुलिस लाइन में “रन फॉर शक्ति” वूमेन मैराथन का भव्य आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में महिला पुलिसकर्मियों और प्रशिक्षु आरक्षियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और उत्साह के साथ मैराथन में हिस्सा लेकर महिला सशक्तिकरण का संदेश दिया। मैराथन को पुलिस अधीक्षक अपराध इन्दु सिद्धार्थ ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस दौरान उन्होंने प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि महिलाएं आज हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा रही हैं और उन्हें आत्मनिर्भर बनने के लिए आगे बढ़ना चाहिए। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रम महिलाओं में आत्मविश्वास बढ़ाने के साथ-साथ समाज में महिला सुरक्षा और सम्मान के प्रति सकारात्मक संदेश भी देते हैं।रिजर्व पुलिस लाइन से शुरू हुई यह वूमेन मैराथन नगर क्षेत्र के विभिन्न मार्गों से होकर गुजरी और पुनः पुलिस लाइन परिसर में आकर समाप्त हुई।
मैराथन के दौरान प्रतिभागियों में जबरदस्त उत्साह और ऊर्जा देखने को मिली। महिला पुलिसकर्मियों और प्रशिक्षु आरक्षियों ने पूरे जोश के साथ दौड़ लगाते हुए मिशन शक्ति अभियान के उद्देश्य को जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया। कार्यक्रम के दौरान क्षेत्राधिकारी कार्यालय ऋषिका सिंह सहित अन्य पुलिस अधिकारी और कर्मचारी भी मौजूद रहे और प्रतिभागियों का उत्साह बढ़ाया।इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य महिलाओं को अपनी सुरक्षा के प्रति जागरूक बनाना, उन्हें आत्मविश्वासी बनाना और समाज में उनके सम्मान तथा अधिकारों के प्रति जागरूकता फैलाना रहा। मिशन शक्ति अभियान के माध्यम से पुलिस प्रशासन लगातार महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन के लिए विभिन्न कार्यक्रम आयोजित कर रहा है। पुलिस विभाग का मानना है कि ऐसे आयोजनों से महिलाओं में नई ऊर्जा और आत्मविश्वास का संचार होता है, जिससे वे समाज में अपनी मजबूत पहचान स्थापित कर सकती हैं।मुजफ्फरनगर पुलिस ने स्पष्ट किया कि मिशन शक्ति अभियान के तहत भविष्य में भी इस तरह के जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाते रहेंगे, ताकि महिलाओं की सुरक्षा और सशक्तिकरण को लेकर समाज में सकारात्मक माहौल तैयार हो और महिलाएं निर्भय होकर अपने अधिकारों के साथ आगे बढ़ सकें।















