मिशन शक्ति फेज-5 के तहत महिला थाना में जागरूकता कार्यक्रम,

मुजफ्फरनगर। मिशन शक्ति फेज-5 के द्वितीय चरण तथा नवरात्रि सप्ताह के अवसर पर महिला सुरक्षा, सम्मान और सशक्तिकरण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से महिला थाना में एक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का आयोजन पुलिस अधीक्षक अपराध इन्दु सिद्धार्थ के नेतृत्व में किया गया, जिसमें विभिन्न विभागों और सामाजिक संस्थाओं से जुड़ी महिलाओं को सरकारी योजनाओं और हेल्पलाइन सेवाओं के प्रति जागरूक किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य महिलाओं को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करना तथा जरूरत पड़ने पर उपलब्ध सरकारी सुविधाओं और सहायता सेवाओं का लाभ लेने के लिए प्रेरित करना रहा।कार्यक्रम के दौरान समाज कल्याण विभाग, बाल कल्याण विभाग, आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों, आशा कार्यकत्रियों, शिक्षिकाओं तथा अधिवक्ताओं को महिलाओं से जुड़ी विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की विस्तार से जानकारी दी गई। साथ ही उन्हें निर्देशित किया गया कि वे इन योजनाओं और हेल्पलाइन सेवाओं की जानकारी अपने-अपने क्षेत्रों में अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाएं,

ताकि जरूरतमंद महिलाओं को समय पर सहायता मिल सके। अधिकारियों ने बताया कि सरकार महिलाओं के उत्थान और सुरक्षा के लिए कई महत्वपूर्ण योजनाएं चला रही है, जिनका लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना आवश्यक है।इस अवसर पर बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ योजना, मिशन शक्ति अभियान, महिला शक्ति केंद्र योजना, वन स्टॉप सेंटर (सखी केंद्र) योजना, उज्ज्वला योजना, स्वाधार गृह योजना, जननी सुरक्षा योजना तथा प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना के बारे में विस्तृत जानकारी दी गई। साथ ही महिलाओं को यह भी बताया गया कि किसी भी प्रकार की समस्या या उत्पीड़न की स्थिति में वे तत्काल हेल्पलाइन नंबरों का सहारा ले सकती हैं। कार्यक्रम में महिला हेल्पलाइन 1090, आपातकालीन सेवा 112, महिला हेल्पलाइन 181, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 तथा साइबर क्राइम हेल्पलाइन 1930 के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई।कार्यक्रम में विभिन्न संस्थाओं से वीना शर्मा, गीता ठाकुर, नीरज गौतम, शिवांगी सहित महिला थाना प्रभारी संगीता डागर और अन्य पुलिस अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे। कार्यक्रम के दौरान समाज में सराहनीय योगदान देने वाली ई-रिक्शा चालक सोनिया तोमर सहित अन्य महिलाओं को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया गया। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि मुजफ्फरनगर पुलिस भविष्य में भी इस तरह के जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित करती रहेगी, ताकि महिलाओं को सुरक्षित वातावरण मिल सके और वे आत्मनिर्भर बनकर समाज में अपनी भूमिका को मजबूत कर सकें।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts