मुजफ्फरनगर में रोटरी क्लब मुजफ्फरनगर समर्पण, संस्कृति एवं गैलेक्सी के संयुक्त तत्वावधान में महावीर चौक चौराहे पर यातायात पुलिस कर्मियों के सम्मान में छाता वितरण सेवा प्रकल्प का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य भीषण गर्मी, तेज धूप और वर्षा के बीच लगातार ड्यूटी कर रहे यातायात पुलिस कर्मियों के प्रति सम्मान प्रकट करना और उन्हें आवश्यक सहयोग प्रदान करना रहा। इस अवसर पर बड़ी संख्या में रोटरी क्लब के पदाधिकारी, सदस्य और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि डिस्ट्रिक्ट गवर्नर रोटेरियन सीए नितिन कुमार अग्रवाल ने कहा कि रोटरी संस्था हमेशा मानवता, सेवा और जनहित के कार्यों में अग्रणी भूमिका निभाती आई है। उन्होंने तीनों क्लबों द्वारा संयुक्त रूप से आयोजित इस सेवा प्रकल्प की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम समाज में सकारात्मक संदेश देने के साथ-साथ दूसरों को भी सेवा कार्यों के लिए प्रेरित करते हैं।
विशिष्ट अतिथि पुलिस अधीक्षक यातायात रविन्द्र प्रताप सिंह एवं पुलिस अधीक्षक यातायात अतुल कुमार चौबे ने रोटरी परिवार का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सामाजिक संगठनों का सहयोग पुलिस कर्मियों का मनोबल बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। उन्होंने कहा कि यातायात पुलिस कर्मी हर मौसम में सड़क पर रहकर जनता की सुरक्षा और यातायात व्यवस्था बनाए रखने का कार्य करते हैं, ऐसे में इस प्रकार के सम्मान कार्यक्रम उनके लिए प्रेरणादायी साबित होते हैं। कार्यक्रम में असिस्टेंट गवर्नर रोटेरियन नियम शर्मा, रोटेरियन रविन्द्र सिंह, कोऑर्डिनेटर रोटेरियन अनिल सोपती एवं प्रोटोकॉल अधिकारी रोटेरियन सुनील अग्रवाल भी विशेष रूप से उपस्थित रहे। रोटरी क्लब समर्पण, संस्कृति और गैलेक्सी के अध्यक्षों, सचिवों, कोषाध्यक्षों और विभिन्न पदाधिकारियों ने कार्यक्रम को सफल बनाने में सक्रिय भूमिका निभाई। सेवा प्रकल्प के दौरान यातायात पुलिस कर्मियों को छाते वितरित किए गए तथा उनके समर्पण और कर्तव्यनिष्ठा की सराहना की गई। कार्यक्रम के अंत में सभी अतिथियों और सदस्यों ने समाजहित में आगे भी इसी प्रकार के सेवा कार्य निरंतर जारी रखने का संकल्प लिया।















