मुजफ्फरनगर को स्वच्छ और आधुनिक शहर बनाने पर मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश

मुजफ्फरनगर के मेरठ रोड स्थित विकास भवन में मंत्री कपिल देव अग्रवाल की अध्यक्षता में नगर के समग्र और सुनियोजित विकास को लेकर एक उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में नगर पालिका चेयरपर्सन मीनाक्षी स्वरूप, जिलाधिकारी, मुख्य विकास अधिकारी, विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष, लोक निर्माण विभाग तथा नगर पालिका परिषद के अधिकारियों ने भाग लिया। बैठक का मुख्य उद्देश्य शहर की आधारभूत समस्याओं का समाधान कर मुजफ्फरनगर को स्वच्छ, आधुनिक और नागरिक-अनुकूल शहर के रूप में विकसित करना रहा।

बैठक के दौरान रामपुरी, कृष्णपुरी, नई मंडी, जसवंतपुरी और रामलीला टिल्ला सहित कई क्षेत्रों में लंबे समय से बनी जलनिकासी समस्या पर गंभीर चर्चा की गई। मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि नालों की नियमित सफाई, चौड़ीकरण और मजबूत निर्माण कार्य प्राथमिकता के आधार पर कराए जाएं ताकि जलभराव की समस्या का स्थायी समाधान सुनिश्चित हो सके। उन्होंने कहा कि बरसात के मौसम में नागरिकों को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए पहले से ही प्रभावी कार्ययोजना तैयार की जाए।इसके अलावा शहर की सड़कों के गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध निर्माण, मुख्य चौराहों के सौंदर्यीकरण, स्वच्छता व्यवस्था को मजबूत करने और कूड़ा निस्तारण की प्रभावी प्रणाली लागू करने पर भी विस्तार से चर्चा हुई। मंत्री ने प्रशासनिक कार्यों में स्मार्ट तकनीकों के उपयोग पर भी जोर दिया, जिससे पारदर्शिता और कार्यक्षमता बढ़ाई जा सके। अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि सभी विभाग आपसी समन्वय बनाकर तय समय सीमा में विकास कार्यों को पूरा करें।

बैठक में नगर पालिका ईओ डॉ प्रज्ञा सिंह ने भी अपने सुझाव प्रस्तुत किए और नगर पालिका द्वारा कराए गए विकास एवं स्वच्छता कार्यों की जानकारी दी। उन्होंने मुजफ्फरनगर को स्वच्छ और सुव्यवस्थित शहर बनाने की दिशा में चल रहे प्रयासों पर प्रकाश डाला। मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने स्पष्ट कहा कि विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही या देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी और नियमित समीक्षा के माध्यम से कार्यों की निगरानी की जाएगी। उन्होंने कहा कि सरकार की प्राथमिकता मुजफ्फरनगर को एक आधुनिक, व्यवस्थित और बेहतर नागरिक सुविधाओं वाला शहर बनाना है, जिसके लिए सभी विभागों को पूरी जिम्मेदारी और प्रतिबद्धता के साथ कार्य करना होगा।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts