अलवर शहर में दोपहर हुई हल्की बारिश के बाद ही नालों का गंदा पानी सड़कों पर आ गया, जिससे यातायात प्रभावित हो गया। इसका मुख्य कारण नालों पर किए गए अतिक्रमण और समय पर सफाई नहीं होना है। पुलिस लाइन और गायत्री मंदिर रोड पर नालों की गंदगी और दुकानों के आगे मिट्टी डालकर किए गए पटाव के कारण सड़क पर पानी और कीचड़ जमा हो गया, जिससे लोगों का निकलना मुश्किल हो गया। सूचना मिलने पर नगर निगम आयुक्त जितेंद्र नरूका और सहायक अभियंता दिनेश कुमार मौके पर पहुंचे। उन्होंने तत्काल जेसीबी मंगवाकर जल निकासी की व्यवस्था कराई। आयुक्त ने रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड सहित कई अन्य स्थानों का भी निरीक्षण किया और सफाई व्यवस्था सुधारने के निर्देश दिए।















