मुजफ्फरनगर। महावीर चौक पर यातायात पुलिस और प्रशासन की संयुक्त टीम ने शुक्रवार को सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों के प्रति वाहन चालकों एवं नागरिकों को जागरूक करने के उद्देश्य से एक विशेष जन अभियान चलाया। यह जागरूकता कार्यक्रम बाल दिवस के अवसर पर आयोजित किया गया, जिसके तहत लोगों को सुरक्षित यातायात के संदेश दिए गए और सड़क दुर्घटनाओं को रोकने के लिए सतर्क रहने की अपील की गई। अभियान का नेतृत्व प्रभारी यातायात पुलिस राकेश कुमार, उपनिरीक्षक पुष्पेंद्र कुमार और उपनिरीक्षक देवकीनंदन ने किया। उन्होंने टीम के साथ मिलकर महावीर चौक पर राहगीरों, वाहन चालकों और स्थानीय नागरिकों को रोककर उन्हें सड़क सुरक्षा नियमों की जानकारी दी।
इस दौरान बाल कल्याण समिति से जुड़े डॉ राजीव कुमार ने अभिभावकों से विशेष अपील की कि वे नाबालिग बच्चों को वाहन चलाने न दें। उन्होंने कहा कि नाबालिगों द्वारा वाहन चलाना न सिर्फ कानूनन गलत है बल्कि उनके जीवन के लिए भी अत्यंत जोखिमपूर्ण है। सड़क सुरक्षा को लेकर जागरूकता बढ़ाने के लिए समाज के हर वर्ग को साथ आने की आवश्यकता है। इसी क्रम में डॉ रणवीर सिंह ने भी लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करने से बड़ी संख्या में सड़क हादसों और जनहानि को रोका जा सकता है। उन्होंने युवाओं से आग्रह किया कि वे स्वयं जागरूक बनें और दूसरों को भी सुरक्षित यातायात के लिए प्रेरित करें।कार्यक्रम में उन वाहन चालकों को प्रशस्ति देकर सम्मानित भी किया गया, जो नियमित रूप से हेलमेट, सीट बेल्ट, निर्धारित गति और अन्य यातायात नियमों का पालन करते हैं। सम्मानित किए गए चालकों ने भी लोगों से अपील की कि सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करना सभी की जिम्मेदारी है और इससे जीवन सुरक्षित रहता है। वहीं, नियमों का पालन न करने वाले वाहन चालकों को पुलिस अधिकारियों द्वारा समझाया गया और उन्हें भविष्य में नियमों का पालन करने के लिए प्रोत्साहित किया गया।अभियान में युवाओं की विशेष भागीदारी रही। राजकीय पुस्तकालय के प्रभारी डॉ रणवीर सिंह के नेतृत्व में कई युवा स्वयंसेवक इस कार्यक्रम का हिस्सा बने। उन्होंने लोगों को पैम्फलेट वितरित कर सड़क सुरक्षा के महत्व और आवश्यक नियमों के बारे में जागरूक किया। इन पैम्फलेट्स में हेलमेट और सीट बेल्ट के उपयोग, नाबालिगों द्वारा वाहन न चलाने, ओवरस्पीडिंग से बचने, मोबाइल फोन का उपयोग न करने, और शराब पीकर वाहन न चलाने जैसे महत्वपूर्ण संदेश शामिल थे।जिलाधिकारी उमेश मिश्रा और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा के निर्देशन तथा पुलिस अधीक्षक यातायात अतुल चौबे, सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी प्रशासन अजय कुमार मिश्र और सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी प्रवर्तन सुशील मिश्र के मार्गदर्शन में यह पूरा कार्यक्रम सफलतापूर्वक संचालित किया गया। अधिकारियों ने बताया कि जनपद मुजफ्फरनगर में सड़क दुर्घटनाओं को रोकने और नागरिकों की जान की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए ऐसे जन जागरूकता अभियानों को लगातार जारी रखा जा रहा है।अंत में अधिकारियों ने जनता से अपील की कि वे सड़क सुरक्षा को अपनी आदत बनाएं, क्योंकि एक छोटी सी लापरवाही भी बड़ा हादसा पैदा कर सकती है। जागरूकता और सहयोग से ही सुरक्षित यातायात व्यवस्था और दुर्घटना रहित शहर का निर्माण संभव है।
















