राजस्थान में सड़क गुणवत्ता निरीक्षण (सगुनी) यात्रा ने अब तक 11200 किलोमीटर की दूरी तय कर एक नया रिकॉर्ड स्थापित किया है। यह यात्रा मुख्य अभियंता गुणवत्ता नियंत्रण जसवंत खत्री के नेतृत्व में निकाली जा रही है और अभी राज्य के 10 जिलों में निरीक्षण कार्य शेष है। इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर जयपुर स्थित राजकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज के सभागार में आयोजित कार्यक्रम में इंडिया बुक ऑफ रिकॉर्ड्स की ओर से मुख्य अभियंता जसवंत खत्री को प्रमाणपत्र प्रदान किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अभियंता एवं अतिरिक्त सचिव ताराचंद गुप्ता, अन्य वरिष्ठ अधिकारी और पॉलिटेक्निक के छात्र-छात्राएं भी उपस्थित रहे।
यह यात्रा 30 मार्च को चैत्र शुक्ल प्रतिपदा के दिन श्रीगंगानगर से प्रारंभ हुई थी और 33 जिला मुख्यालयों से होकर बुद्ध पूर्णिमा के दिन श्रीगंगानगर में ही संपन्न होगी। जयपुर में यात्रा के पहुंचने पर जिले के विभिन्न खंडों का निरीक्षण करने के लिए पॉलिटेक्निक कॉलेज के अंतिम वर्ष के विद्यार्थियों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। यात्रा का मुख्य उद्देश्य, डीएलपी अवधि में सड़कों के रख-रखाव की जांच विद्यार्थियों द्वारा करना है, जिससे निर्माण की गुणवत्ता को बेहतर बनाया जा सके।















