स्वतंत्रता दिवस की भव्य तैयारियों को लेकर मुजफ्फरनगर में जिलाधिकारी की अध्यक्षता में आयोजित हुई समीक्षा बैठक

मुजफ्फरनगर में 15 अगस्त 2025 को मनाए जाने वाले 79वें स्वतंत्रता दिवस समारोह को भव्य, आकर्षक और पारंपरिक ढंग से आयोजित करने के लिए जिला पंचायत सभागार में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिलाधिकारी उमेश मिश्रा ने की। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि इस बार “हर घर तिरंगा अभियान” को और अधिक प्रभावी रूप से 13 से 15 अगस्त के मध्य चलाया जाएगा। उन्होंने बताया कि पूर्व वर्षों में फहराए गए लगभग दो करोड़ तिरंगों का पुनः उपयोग झंडा संहिता का अनुपालन करते हुए किया जाएगा, जबकि शेष 2.60 करोड़ झंडों का निर्माण स्वयं सहायता समूहों द्वारा कराया जाएगा।जिलाधिकारी ने कहा कि सभी शिक्षण संस्थाओं, कार्यालयों, औद्योगिक व व्यावसायिक प्रतिष्ठानों सहित सार्वजनिक स्थानों पर तिरंगा फहराने के लिए प्रचार-प्रसार के माध्यमों—जैसे एफएम, लोकल केबल, प्रिंट व इलेक्ट्रॉनिक मीडिया आदि—का भरपूर उपयोग किया जाए। पुलिस विभाग के पब्लिक एड्रेस सिस्टम से देशभक्ति गीत व सूचनाओं का प्रसारण भी लगातार किया जाएगा।नगर पालिका और पंचायत राज विभाग को स्वतंत्रता संग्राम स्थलों की सफाई सुनिश्चित करने और साइनेज लगाने के निर्देश दिए गए। सभी स्कूलों व कॉलेजों में सांस्कृतिक कार्यक्रमों, निबंध लेखन, पेंटिंग और वाद-विवाद प्रतियोगिताओं के आयोजन के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही, हर विद्यालय को जन-गण-मन का सामूहिक गायन करवाना होगा और विद्यार्थियों को स्वतंत्रता संग्राम से जुड़े प्रेरक प्रसंग बताए जाएंगे।हर गांव में देशभक्ति गीत बजाए जाने, झांकियों के आयोजन, सभी धर्मों के गणमान्य व्यक्तियों की प्रभात फेरी में भागीदारी और पूर्व सैनिकों व पैरा मिलिट्री कर्मियों को आमंत्रित कर सम्मानित करने का भी निर्णय लिया गया। स्कूलों की दीवारों पर तिरंगा रंगोली, राखी निर्माण, झंडा बुनाई जैसी गतिविधियां भी आयोजित की जाएंगी।स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर सभी कार्यालयों, पंचायत भवनों, प्रतिष्ठानों में ध्वजारोहण किया जाएगा और राष्ट्रगान गूंजेगा। आयोजन की प्रभावशीलता के लिए जनभागीदारी को बढ़ाने पर विशेष जोर दिया गया है। साथ ही, 14 अगस्त को “विभाजन विभीषिका दिवस” पर तिरंगा यात्रा निकाली जाएगी।16 अगस्त को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी को ध्यान में रखते हुए मंदिरों में साफ-सफाई, सुरक्षा और भीड़ नियंत्रण की व्यापक व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी। शोभायात्रा के आयोजकों को अनुमति लेना अनिवार्य होगा और ध्वनि स्तर पर नियंत्रण रखा जाएगा।बैठक में अपर जिलाधिकारी प्रशासन संजय कुमार सिंह, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व गजेंद्र कुमार, नगर मजिस्ट्रेट पंकज राठौर, समस्त एसडीएम और विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। सभी को निर्देश दिए गए कि इस बार स्वतंत्रता दिवस को केवल औपचारिकता न मानते हुए जनसहभागिता के साथ राष्ट्रप्रेम की भावना से पूर्ण उल्लासपूर्वक मनाया जाए।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts