रामपुर। अवैध खनन में प्रशासन ने लक्ष्य से दोगुना राजस्व वसूलते हुए 9.28 करोड़ रुपयों की वसूली की है। यह वसूली मार्च माह में की गई है। जिलाधिकारी जोगिंदर सिंह के नेतृत्व में जिले के खनन वाले क्षेत्र में खनन विभाग व राजस्व टीमों द्वारा लगातार निगरानी रखी जा रही है।
खनन प्रक्रिया को निर्धारित आवंटन क्षेत्र में नियमबद्ध तरीके से लागू करने के निर्देश हैं। अवैध खनन व अवैध परिवहन की गतिविधियों पर सख्त रोकथाम कर प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। मार्च माह में निर्धारित लक्ष्य 3.76 करोड़ के सापेक्ष खनन पट्टा, आईएसटीपी, ईंट भट्ठा, प्रवर्तन, कार्यदायी संस्था और आरसी आदि से 9.28 करोड़ रुपए राजस्व के रूप में वसूले गए हैं। जिसमें अवैध खनन और अवैध भंडारण पर 70.95 लाख रुपए का जुर्माना लगाया गया।
वहीं अवैध परिवहन और ओवरलोडिंग के खिलाफ भी 39 लाख रुपए वसूले गए हैं। खनन अधिकारी अमित रंजन ने बताया कि जिलाधिकारी के निर्देश पर जनपद के खनन प्रभावित क्षेत्रों में 15 चेक पोस्ट लगातार सक्रिय हैं और वहां तैनात की गई राजस्व व पुलिस की संयुक्त टीमें रोस्टर के अनुरूप सघन चेकिंग अभियान को प्रभावी बना रही हैं। इसके साथ ही एसडीएम, तहसीलदार, खान अधिकारी, खान निरीक्षक और एआरटीओ द्वारा औचक रूप से भी छापेमारी और चेकिंग अभियान चलाए जा रहे हैं।















