अलवर जिले के रामगढ़ थाना क्षेत्र में साइबर फ्रॉड के बढ़ते मामलों को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक संजीव नैन के निर्देश पर एक विशेष टीम का गठन किया गया। इस टीम ने रामगढ़ थानाधिकारी के नेतृत्व में चलाए जा रहे साइबर ठगी विरोधी अभियान के अंतर्गत दो आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। पकड़े गए आरोपी फारूख पुत्र सूका निवासी रब्बा थाना नौगावा व शाहिद खान पुत्र नसरू खां निवासी चिड़वाई थाना गोविन्दगढ़ बताए गए हैं, जो बकरा ईद के अवसर पर लोगों को ठगने की साजिश में शामिल थे।
दोनों आरोपी इंस्टाग्राम व व्हाट्सएप जैसे सोशल मीडिया प्लेटफार्मों पर बकरों की आकर्षक फोटो डालते थे और उन्हें बेहद कम कीमत पर बेचने का झांसा देकर आम लोगों को फंसाते थे। जैसे ही कोई व्यक्ति बकरा खरीदने की इच्छा जताता, वे व्हाट्सएप पर क्यूआर कोड भेजकर उससे पैसे मंगा लेते थे। आरोपी फर्जी सिम का इस्तेमाल करते हुए ठगी की ये घटनाएं अंजाम दे रहे थे ताकि उनकी पहचान न हो सके।
रामगढ़ पुलिस ने इन दोनों आरोपियों के कब्जे से तीन एंड्रॉयड मोबाइल फोन बरामद किए हैं, जिनका उपयोग वे ठगी में कर रहे थे। फिलहाल पुलिस आरोपियों से गहन पूछताछ कर रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि इनके गिरोह में और कौन-कौन शामिल है और किन-किन लोगों के साथ ये ठगी कर चुके हैं। पुलिस आम जनता से भी अपील कर रही है कि किसी भी ऑनलाइन सौदे में सतर्कता बरतें और अनजान लोगों पर विश्वास कर पैसे न भेजें।















