रामगढ़। पंचायत समिति के प्रधान नसरू खान ने विभिन्न ग्राम पंचायतों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान ग्राम पंचायत नीकच और ग्राम पंचायत मुबारिकपुर में ग्राम विकास अधिकारी व कनिष्ठ सहायक दोनों गैरहाजिर पाए गए। मुबारिकपुर पंचायत कार्यालय पर ताला लगा मिला।ग्राम पंचायत डाबरी में ग्राम विकास अधिकारी सेफ गोयल और कनिष्ठ सहायक उपस्थित थे, लेकिन निरीक्षण पंजिका मौके पर उपलब्ध नहीं थी। मूवमेंट रजिस्टर और परिसंपत्ति रजिस्टर कार्यालय में मौजूद मिले। इसी तरह, मुबारिकपुर में सहायक कृषि अधिकारी का कार्यालय भी बंद मिला।
ग्राम पंचायत बीजवा में ग्राम विकास अधिकारी और कनिष्ठ सहायक उपस्थित थे, लेकिन निरीक्षण पंजिका और परिसंपत्ति रजिस्टर नहीं मिले।इस पर प्रधान ने विकास अधिकारी रामगढ़ को निर्देश दिए कि संबंधित कार्मिकों को कारण बताओ नोटिस जारी किया जाए। साथ ही, सभी पंचायत मुख्यालयों पर परिसंपत्ति रजिस्टर, निरीक्षण रजिस्टर और मूवमेंट रजिस्टर रखना सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।















