मुजफ्फरनगर के मीरापुर क्षेत्र में मेरठ–पौड़ी राष्ट्रीय राजमार्ग पर ग्राम देवल में एनएचएआई द्वारा बनाए जा रहे पुल निर्माण कार्य के विरोध में एक बड़ी पंचायत आयोजित की गई। इस पंचायत में गुरुद्वारे की धार्मिक गरिमा और ग्रामवासियों की आवाजाही को लेकर गहरी चिंता जताई गई। ग्रामीणों और किसान संगठनों ने पुल के मौजूदा डिजाइन को अस्वीकार करते हुए मांग की कि इसे पिलर आधारित बनाया जाए, जिससे बाबा भूरीवाला गुरुद्वारे की धार्मिक मर्यादा बनी रहे और क्षेत्र की आवाजाही पर कोई असर न पड़े। पंचायत की अध्यक्षता बाबा जग्गा सिंह और ओमप्रकाश शर्मा ने की, जबकि संचालन भारतीय किसान यूनियन के मीडिया प्रभारी शक्ति सिंह ने किया। भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत ने पंचायत को संबोधित करते हुए एलान किया कि जब तक ग्रामीणों की मांगें नहीं मानी जातीं, तब तक अनिश्चितकालीन धरना जारी रहेगा। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि सहमति के बिना निर्माण कार्य थोपने की कोशिश की गई तो यह जनविरोधी कदम माना जाएगा, जिसका कड़ा विरोध किया जाएगा। पंचायत में बड़ी संख्या में ग्रामीणों और किसान संगठनों के प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया और आंदोलन को प्रदेशव्यापी स्तर तक ले जाने का संकल्प लिया।















