दिल्ली-एनसीआर में अगले कुछ दिनों तक बारिश का दौर जारी रहने का अनुमान है। मौसम विभाग के अनुसार रविवार को भी बादल छाए रहेंगे और गरज वाले बादलों के साथ सुबह से दोपहर तक हल्की बारिश के एक-दो दौर देखने को मिल सकते हैं। लगातार हो रही बारिश से तापमान में गिरावट दर्ज की गई है।
मुंबई में रेड अलर्ट, भारी बारिश की चेतावनी
मुंबई और आसपास के इलाकों में भारी बारिश की संभावना को देखते हुए मौसम विभाग ने रेड अलर्ट जारी किया है। पिछले कुछ दिनों से हो रही मूसलाधार बारिश ने जनजीवन प्रभावित कर दिया है और कई जगह जलभराव की स्थिति बनी हुई है। प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने और गैर-जरूरी यात्रा से बचने की अपील की है।
हिमाचल-उत्तराखंड में भूस्खलन का खतरा
हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में भारी वर्षा के चलते भूस्खलन की संभावना जताई गई है। पर्वतीय इलाकों में भूस्खलन और सड़क बाधित होने की घटनाओं को लेकर अलर्ट जारी किया गया है। प्रशासन ने यात्रियों और स्थानीय लोगों को सावधानी बरतने और मौसम की ताजा जानकारी लेते रहने की सलाह दी है।















