भास्कर न्यूज़ उत्तर प्रदेश उत्तराखंड
मुजफ्फरनगर में जिलाधिकारी उमेश मिश्रा के निर्देशन में खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन द्वारा एक बड़ी कार्रवाई की गई। सहायक आयुक्त (खाद्य) श्रीमती अर्चना धीरान के नेतृत्व में ग्राम भोकरहेड़ी, तहसील जानसठ में स्थित एक गुड़ निर्माण इकाई पर छापा मारा गया। छापे के दौरान तैयार गुड़ और उसमें इस्तेमाल किए जा रहे सेलखड़ी (डायमंड पाउडर) के नमूने पाए गए।
गुड़ में सेलखड़ी की मिलावट का संदेह होने पर दो विधिक नमूने और सेलखड़ी का एक विधिक नमूना परीक्षण के लिए संग्रहित किया गया। मौके पर 4,000 किलो गुड़, जिसकी अनुमानित कीमत ₹1,69,000 है, और 1,000 किलो सेलखड़ी, जिसकी अनुमानित कीमत ₹38,000 है, को जब्त किया गया और खाद्य कारोबारकर्ता की अभिरक्षा में सौंप दिया गया।
जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के तहत आगे की विधिक कार्यवाही की जाएगी। इस छापे में मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी श्री शिव कुमार मिश्रा, खाद्य सुरक्षा अधिकारी श्री वैभव शर्मा, श्री विशाल चौधरी और श्री मनोज कुमार भी उपस्थित रहे।
















