मुजफ्फरनगर। जनपद में पल्स पोलियो अभियान का शुभारंभ जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. वीरपाल निरवाल द्वारा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मखियाली में किया गया। इस अवसर पर उन्होंने 0 से 5 वर्ष तक के बच्चों को पोलियो की खुराक “दो बूंद जिंदगी की” पिलाकर अभियान की शुरुआत की। कार्यक्रम में स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने पोलियो उन्मूलन के प्रति जागरूकता का संदेश देते हुए अभिभावकों से अपने बच्चों को अनिवार्य रूप से पोलियो की दवा पिलाने की अपील की।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुनील तेवतिया ने बताया कि पल्स पोलियो अभियान के अंतर्गत जनपद के सभी 0 से 5 वर्ष तक के बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाई जा रही है। उन्होंने कहा कि अभियान के दौरान स्वास्थ्य विभाग की टीमें बूथ दिवस के बाद घर-घर जाकर उन बच्चों को दवा पिलाएंगी जो किसी कारणवश बूथ तक नहीं पहुंच सके। उन्होंने जनपदवासियों से सहयोग की अपील करते हुए कहा कि कोई भी बच्चा पोलियो की खुराक से वंचित नहीं रहना चाहिए।
जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. अशोक कुमार ने बताया कि अभियान को सफल बनाने के लिए सभी तैयारियां पहले ही पूरी कर ली गई थीं। जनपद में 1460 पोलियो बूथ स्थापित किए गए, जहां बच्चों को पोलियो ड्रॉप पिलाई गई। उन्होंने बताया कि बूथ दिवस पर कुल 2 लाख 82 हजार 859 बच्चों को पोलियो की खुराक दी गई। सोमवार से 1059 टीमें घर-घर जाकर बच्चों को पोलियो ड्रॉप पिलाने का कार्य करेंगी। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य विभाग लगातार निगरानी करेगा ताकि कोई भी बच्चा छूटने न पाए। कार्यक्रम में उप मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अजय कुमार, प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ. भानु प्रताप समेत स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। स्वास्थ्य विभाग ने जनसहयोग और जागरूकता को अभियान की सफलता की कुंजी बताते हुए सभी अभिभावकों से बच्चों को पोलियो की खुराक अवश्य दिलाने की अपील की।























































