मुजफ्फरनगर में शिक्षा के माध्यम से श्रमवीरों के बच्चों के भविष्य को संवारने का संकल्प उत्तर प्रदेश सरकार ने मजबूती से उठाया है। अटल आवासीय विद्यालय योजना राज्य सरकार की एक महत्वाकांक्षी और जनकल्याणकारी पहल है, जिसका उद्देश्य उन श्रमिक परिवारों के बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराना है, जो आर्थिक और सामाजिक कारणों से अपने बच्चों को बेहतर शिक्षा नहीं दिला पाते। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का स्पष्ट मानना है कि शिक्षा से बड़ी कोई सेवा नहीं होती, विशेषकर तब जब यह सेवा श्रमवीरों के बच्चों के लिए हो।मुख्यमंत्री के निर्देशों के तहत अधिकारियों को लगातार यह कहा जाता है कि पात्र श्रमवीरों के बच्चों को अटल आवासीय विद्यालयों में प्रवेश दिलाने के लिए सक्रियता से कार्य किया जाए और संवाद के माध्यम से अधिक से अधिक बच्चों को इस योजना से जोड़ा जाए। इसी सोच के परिणामस्वरूप केंद्र सरकार के सहयोग से देश के प्रत्येक मंडल में एक-एक अटल आवासीय विद्यालय की स्थापना की गई है, जहां प्रति विद्यालय लगभग एक हजार विद्यार्थियों को शिक्षा देने की व्यवस्था है।
मुजफ्फरनगर जनपद की तहसील जानसठ के गांव नगला बुजुर्ग में अटल आवासीय विद्यालय योजना के अंतर्गत एक आधुनिक और सुव्यवस्थित विद्यालय की स्थापना की गई है। इस विद्यालय में वर्तमान में लगभग 800 बच्चे शिक्षा ग्रहण कर रहे हैं। यहां विद्यार्थियों के रहने, खाने और पढ़ाई की पूरी व्यवस्था निःशुल्क की गई है, जिससे बच्चों को किसी प्रकार की आर्थिक चिंता न हो और वे पूरी एकाग्रता के साथ अपनी पढ़ाई पर ध्यान दे सकें।विद्यालय में छात्र और छात्राओं की संख्या समान अनुपात में रखी गई है, ताकि लैंगिक संतुलन बना रहे। यहां सभी प्रमुख विषयों की पढ़ाई कराई जाती है। विज्ञान शिक्षा को मजबूत बनाने के लिए रसायन विज्ञान, जीव विज्ञान और समग्र विज्ञान की आधुनिक प्रयोगशालाएं स्थापित की गई हैं, जिससे बच्चों को सैद्धांतिक ज्ञान के साथ-साथ प्रायोगिक अनुभव भी मिल सके।
इसके अलावा विद्यालय में एक समृद्ध पुस्तकालय भी उपलब्ध है, जहां बच्चे शांत वातावरण में अध्ययन कर सकते हैं। कक्षाओं में डिजिटल बोर्ड लगाए गए हैं, जिससे पढ़ाई को रोचक और प्रभावी बनाया गया है। विद्यालय परिसर में बच्चों की सुरक्षा के लिए व्यापक इंतजाम किए गए हैं। हर कोने में सीसीटीवी कैमरे लगे हैं, ताकि किसी भी प्रकार की असुविधा या सुरक्षा संबंधी समस्या से बचा जा सके।खेलकूद के लिए अलग से विशाल परिसर उपलब्ध है और छात्राओं के लिए विशेष रूप से खेल शिक्षिका की नियुक्ति की गई है। बच्चों को ड्रेस के साथ-साथ मुफ्त स्टेशनरी भी प्रदान की जाती है। मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना के अंतर्गत पात्र लाभार्थी विद्यार्थियों को अतिरिक्त लाभ भी दिया जाता है। हर वर्ष दिसंबर माह से प्रवेश प्रक्रिया शुरू होती है, जिससे अधिक से अधिक जरूरतमंद बच्चे इस योजना का लाभ उठा सकें। अटल आवासीय विद्यालय आज श्रमवीरों के बच्चों के लिए आशा और उज्ज्वल भविष्य की मजबूत नींव बनकर उभर रहा है।















